अहमदाबाद: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अहमदाबाद में खेले जा रहे सीरीज के चौथे और आखिरी टेस्ट की पहली पारी में युवा भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर बल्लेबाजी करने नहीं उतरे और अब उनको लेकर अपडेट सामने आई है कि वह 5वें दिन भी मैदान पर नहीं उतरेंगे। हालांकि, उनके आगे के भविष्य को लेकर बीसीसीआई की तरफ से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। चौथे दिन के पहले सत्र के खेले के शुरुआती घंटे में रवींद्र जडेजा के आउट होने के बाद मैदान पर विकेटकीपर बल्लेबाज श्रीकर भरत विराट कोहली का साथ देने आए।
अय्यर की पीठ में है दर्द, कराया जा रहा है स्कैन
ऐसे में टीम इंडिया के प्रशंसकों के मन में ये सवाल उपजा कि ऐसा क्यों हुआ? ऐसे में टीवी कॉमेंट्रेटर्स ने बताया कि श्रेयस अय्यर के पीठ में दर्द है और इसी वजह से वो बल्लेबाजी करने नहीं उतरे। इसके बाद बीसीसीआई ने इस बारे में बयान जारी करके बताया, अहमदाबाद टेस्ट के तीसरे दिन के खेल के खत्म होने के बाद श्रेयस अय्यर ने अपनी पीठ के निचले हिस्से में दर्द की शिकायत की थी। ऐसे में उन्हें स्कैन के लिए ले जाया गया है। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी चोट का आकलन कर रही है।
चोट की वजह से ही नहीं खेल पाए थे सीरीज का पहला टेस्ट
चोटिल होने की वजह से ही श्रेयस मौजूदा सीरीज के नागपुर में खेले गए पहले टेस्ट में नहीं खेल पाए थे। सूर्यकुमार यादव को इस वजह से टेस्ट डेब्यू का मौका मिला था। लेकिन दिल्ली टेस्ट में उनकी टीम में वापसी हुई थी और उसके बाद से वो लगातार भारतीय एकादश में शामिल हैं। लेकिन सीरीज के खत्म होते होते एक बार फिर उनकी पीठ में दर्द उभर आया है। ऐसे में भारतीय टीम से ज्यादा चिंता उनकी आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स को हो रही होगी। कहीं ऐसा ना हो कि चोट की वजह से वो आईपीएल के शुरुआती मैचों से भी दूर हो जाएं।
