क्रिकेट

टीम इंडिया के बॉलिंग कोच ने बताया, टेस्ट में कुलदीप यादव को क्यों नहीं मिल रहा मौका

भारतीय क्रिकेट टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने मैनचेस्टर टेस्ट की पहली पारी में भारतीय गेंदबाजों के साधारण प्रदर्शन के बाद बताया है कि चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव को क्यों नहीं मिल रहा है प्लेइंग-11 में शामिल होने का मौका?

Image

कुलदीप यादव (फोटो क्रेडिट @imkuldeep18 X)

मैनचेस्टर: गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल का मानना है कि विशेषज्ञ गेंदबाज कुलदीप यादव को अंतिम एकादश में शामिल करने के लिए भारत के शीर्ष छह बल्लेबाजों को और अधिक निरंतरता से बल्लेबाजी करने की जरूरत है। बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप को अब तक श्रृंखला में नहीं चुने जाने पर काफी बातें चल रही हैं। भारत और इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ियों ने उन्हें टीम में शामिल करने की वकालत की है क्योंकि वह मैच विजेता हैं। हालांकि भारत ने आठवें नंबर तक अपनी बल्लेबाजी को मजबूत करने के लिए अंतिम एकादश में तीन ऑलराउंडरों को चुनने पर तरजीह दी है। इस कदम के मिले-जुले परिणाम मिले हैं।

कुलदीप को खिलाने की हो रही है कोशिश

कुलदीप को विश्वस्तरीय स्पिनर बताते हुए मोर्केल ने कहा कि भारत इस गेंदबाज को टीम में शामिल करने की कोशिश कर रहा है। अब वह केवल 31 जुलाई से ओवल में शुरू होने वाले आखिरी टेस्ट में ही खेल पाएंगे। उन्होंने चौथे टेस्ट के तीसरे दिन स्टंप के बाद मीडिया से बातचीत में कहा,'कुलदीप के लिए हम कोई रास्ता ढूंढने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन इसके लिए हमें जरूरत है कि हमारे शीर्ष छह खिलाड़ी लगातार रन बनायें ताकि हम कुलदीप जैसे खिलाड़ी को टीम में शामिल कर सकें।'

कुलदीप को लाने के लिए बनाना होगा संतुलन

पहली पारी में भारतीय तेज गेंदबाज़ों के साधारण प्रदर्शन के बाद मोर्केल मीडिया से मुखातिब हुए। कुलदीप के बारे में और बात करते हुए उन्होंने कहा,'मुझे लगता है हमें देखना होगा कि अगर वह टीम में आते हैं तो हम संतुलन कैसे बना सकते हैं और हम अपनी बल्लेबाजी लाइन-अप को कैसे थोड़ा लंबा और मजबूत बना सकते हैं।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article