who Won Yesterday IPL Match 12 May 2026, GT vs SRH, kal ka match kaun jeeta: गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रन से हराकर लगातार पांचवीं जीत के साथ आईपीएल अंकतालिका में टॉप पर जगह बना ली। 169 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 14 . 5 ओवर में 86 रन पर आउट हो गई। कगिसो रबाडा ने 28 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि जैसन होल्डर ने 20 रन देकर तीन विकेट चटकाये। इस जीत के साथ गुजरात 12 मैचों में 16 अंक लेकर टॉप पर पहुंच गई है जबकि सनराइजर्स 12 मैचों में 14 अंक लेकर तीसरे स्थान पर खिसक गई है।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात ने साई सुदर्शन और वॉशिंगटन सुंदर के अर्धशतकीय पारी के दम पर पांच विकेट पर 168 रन बनाये। सुदर्शन ने 44 गेंद में 61 रन बनाये जबकि सुंदर ने 33 गेंद में 50 रन की पारी खेली। सनराइजर्स के लिये प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने दो दो विकेट लिये जबकि पैट कमिंस को एक विकेट मिला।
हैदराबाद ने जीता टॉस
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
गुजरात की खराब शुरुआत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत खराब रही। कप्तान शुभमन गिल के रुप में गुजरात को पहला झटका लगा। जब गुजरात का स्कोर 15 रन था, तब गिल 5 रन बनाकर हिंगे की गेंद पर आउट हो गए।
पावरप्ले रहा हैदराबाद के नाम
इससे पहले की गुजरात की टीम संभल पाती। प्रफुल्ल हिंगे ने उन्हें एक और झटका दिया। उन्होंने जोस बटलर को ईशान किशन के हाथों कैच करवाया। बटलर 7 रन बनाकर आउट हुए। इस तरह गुजरात ने पावरप्ले में 2 विकेट के नुकसान पर 34 रन बनाए। यह इस सीजन पावरप्ले में गुजरात का सबसे कम स्कोर भी रहा।
पैट कमिंस ने तोड़ी साझेदारी
पावरप्ले में दो विकेट गंवाने के बाद गुजरात की टीम मुश्किल में थी, लेकिन निशांत सिंधु ने कुछ तेज-तर्रार शॉट खेले और साई सुदर्शन के साथ तीसरे विकेट के लिए 26 गेंद में 38 रन की साझेदारी की। जब ऐसा लग रहा था कि गुजरात वापसी कर लेगी तब कप्तान पैट कमिंस ने खतरनाक नजर आ रही इस साझेदारी को तोड़ दिया। निशांत सिंधु 14 गेंद में 22 रन बनाकर आउट हो गए और गुजरात को 64 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा।
साई सुदर्शन का अर्धशतक
एक बार फिर गुजरात को संकट से उबारा साई सुदर्शन ने जिन्होंने 38 गेंद में 4 चौके और 2 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया और गुजरात की टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया। यह इस सीजन सुदर्शन का 5वां अर्धशतक था। सुदर्शन ने 44 गेंद में पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 61 रन बनाये।
सुदर्शन और सुंदर ने कराई वापसी
एक छोर से लगातार विकेट गंवा रहे गुजरात की टीम के असली हीरो साबित हुए सुदर्शन जिन्होंने चौथे विकेट के लिए वाशिंगटन सुंदर के साथ 41 गेंद में 60 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी को साकिब हुसैन ने सुदर्शन को आउट कर तोड़ा।
वाशिंगटन सुंदर का अर्धशतक
सुदर्शन के आउट होने के बाद भी वाशिंटन सुंदर डटे रहे। सुंदर ने 32 गेंद में 7 चौके और एक छक्के की दम पर अपना अर्धशतक पूरा किया। 19वें ओवर में वाशिंगटन सुंदर ने ईशान मलिंगा के ओवर में 18 रन बटोरे। गुजरात ने 5 विकेट के नुकसान पर 168 रन का स्कोर खड़ा किया।
हैदरबाद की खराब शुरुआत
हैदराबाद की ओपनिंग जोड़ी से सभी गेंदबाज खौफ खाते हैं, लेकिन इस मुकाबले में ट्रेविस हेड खाता भी नहीं खोल पाए। हेड बिना खाता खोले सिराज की गेंद पर आउट हो गए। हैदराबाद की मुश्किल अगले ओवर में भी कम नहीं हुआ। दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर अभिषेक शर्मा भी 6 रन बनाकर चलते बने। उन्हें कगिसो रबाडा ने अपना शिकार बनाया।
पावरप्ले में ही गंवा दिए 4 विकेट
हैदराबाद के विकेट गिरने का सिलसिला लगातार जारी रहा। चौथे ओवर में ईशान किशन और पावरप्ले के आखिरी ओवर में समरन रविचंद्रन भी चलते बने। रविचंद्रन 9 जबकि ईशान किशन 11 रन बनाकर आउट हुए। पावरप्ले में हैदराबाद ने 34 रन के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिए थे।
क्लासेन और सलिल ने लगाया लगाम
हैदराबाद के इनफॉर्म बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन और सलिल अरोड़ा ने 5वें विकेट के लिए 23 गेंद में 24 रन की साझेदारी की। सलिल 16 रन बनाकर प्रसिद्ध कृष्णा का शिकार बने। 56 रन के स्कोर पर हैदराबाद की आधी टीम आउट हो चुकी थी।
4 रन के भीतर गंवाए 3 विकेट
गुजरात की शानदार गेंदबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसने 4 रन के भीतर 3 विकेट गंवा दिए। 56 से 60 रन तक पहुंचने में हैदराबाद ने सलिल अरोड़ा, हेनरिक क्लासेन और नीतीश कुमार रेड्डी का विकेट खो दिया। जेसन होल्डर ने एक ही ओवर में 2 विकेट झटके और गुजरात की जीत लगभग पक्की कर दी।
15 ओवर भी नहीं खेल पाई हैदराबाद
हैदराबाद की टीम पूरे 15 ओवर भी नहीं खेल पाई। 14.5 ओवर में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 87 रन बनाकर ढेर हो गई। हैदराबाद की ओर से सर्वाधिक 19 रन की पारी पैट कमिंस ने खेली। कमिंस के अलावा सलिल अरोड़ा ने 16 और इनफॉर्म हेनरिक क्लासेन ने 14 रन की पारी खेली। हैदराबाद के 7 बल्लेबाज दहाई का भी आंकड़ा नहीं पार कर पाए।
प्लेयर ऑफ द मैच
कगिसो रबाडा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। रबाडा ने 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट चटकाए। उन्होंने अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और स्मरण रविचंद्रन को आउट कर हैदराबाद के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
