क्रिकेट

राजस्थान रॉयल्स को पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2024 के 65वें मैच में दी मात, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स

पंजाब किंग्स ने बुधवार को आईपीएल 2024 के 65वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट के अंतर से मात देकर उसकी टॉप2 में रहते हुए प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाओं को झखझोरकर रख दिया। जानिए कैसा रहा मैच का हाल?

Image

पंजाब किंग्स बनाम राजस्थान रॉयल्स(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • पंजाब किंग्स ने दी राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से मात
  • पंजाब किंग्स को मिली लगातार चौथे मैच में हार
  • सैम कुरेन ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में मचाया धमाल

आईपीएल 2024 के 65वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के बीच भिड़ंत हुई। गेंदबाजी के लिए मददगार पिच पर राजस्थान रॉयल्स की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 144 रन बना सकी। रियान पराग ने 48 और अश्विन ने 28 रन का योगदान दिया। इसके बाद जीत के लिए मिले 145 रन के लक्ष्य को 48 रन पर 4 विकेट गंवाने के बावजूद पंजाब किंग्स ने सैम कुरेन की 41 गेंद में 63 रन की नाबाद कप्तानी पारी की बदौलत 5 विकेट शेष रहते 18.5 ओवर में हासिल कर लिया। ये राजस्थान की लगातार चौथी हार है। 27 अप्रैल के बाद राजस्थान तीन सप्ताह में एक भी जीत हासिल नहीं कर सकी। इससे उसकी टॉप 2 में रहने की संभावनाओं पर कड़ा झटका लगा है।

राजस्थान ने जीता टॉस:

पंजाब किंग्स के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।

खराब रही राजस्थान की शुरुआत:

राजस्थान रॉयल्स की पंजाब किंग्स के खिलाफ बल्लेबाजी की शुरुआत खराब रही। पारी के पहले ओवर की चौथी गेंद पर यशस्वी जायसवाल को सैम कुरेन ने बोल्ड कर दिया। जायसवाल 4(4) रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद डेब्यू मैच खेल रहे टॉम कोलर कैडमोर ने संजू सैमसन के साथ मोर्चा संभाला। दोनों ने पॉवरप्ले के 6 ओवर में राजस्थान को 1 विकेट के नुकसान पर 38 रन तक पहुंचाया। लेकिन इसके बाद बढ़ते दबाव में कप्तान सैमसन बिखर गए। सैमसन 18(15) रन बनाकर नाथन ऐलिस की गेंद पर राहुल चाहर के हाथों लपके गए। इसके बाद कैडमोर जीतेश शर्मा के हाथों लपके गए। उन्होंने 18(23) रन बनाए।

पराग-अश्विन ने पहुंचाया 100 रन के करीब

42 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद फॉर्म में चल रहे रियान पराग ने रविचंद्रन अश्विन के साथ मोर्चा संभाला। दोनों ने 8.4 ओवर में राजस्थान को 50 रन के पार पहुंचाया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 33 गेंद में पूरी कर ली। लेकिन 92 के स्कोर पर अश्विन 28(19) रन बनाकर अर्शदीप सिंह की गेंद पर शशांक सिंह के हाथों लपके गए।

पराग संभाले रहे एक छोर दूसरे पर लगी रही विकेटों की झड़ी

अश्विन के आउट होने के बाद एक बार फिर से विकेटों की झड़ी लग गई। ध्रुव जुरेल खाता खोले बगैर सैम कुरेन की गेंद पर कैच दे बैठै। इसके बाद राजस्थान ने 100 रन के आंकड़े को 13.4 ओवर में पार कर लिया। लेकिन इसके बाद रोवमैन पॉवेल भी 4(5) रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 102 रन पर राजस्थान ने 6 विकेट गंवा दिए थे ऐसे में एक छोर रियान पराग संभाले रहे। थोड़ी देर उन्हें इम्पैक्ट प्लेयर देनोवन फरेरा का साथ मिला लेकिन 125 के स्कोर पर वो भी पवेलियन लौट गए। अंत में पराग भी 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर 48 रन बनाकर पवेलियन लौट गए और पूरी टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 144 रन का स्कोर खड़ा कर सकी। पंजाब के लिए सबसे ज्यादा 2-2 विकेट सैम कुरेन, हर्षल पटेल और राहुल चाहर ने लिए। एक-एक सफलता अर्शदीप सिंह और नाथन एलिस को मिली।

खराब रही पंजाब की भी शुरुआत

पहले ओवर की चौथी ही गेंद पर प्रभसिमरन सिंह ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर चहल के हाथों लपके गए। उन्होंने 6 रन बनाए। इसके बाद जल्दी ही रिली रूसो भी आवेश खान की गेंद पर 13 गेंद में 22 रन बनाकर यशस्वी के हाथों लपके गए। इसी ओवर में दो गेंद बाद शशांक सिंह भी खाता खोले बगैर आवेश की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए। 36 रन पर 3 विकेट गंवान के बाद पंजाब की टीम बैकफुट पर नजर आने लगी। ऐसी मुश्किल घड़ी में बल्लेबाजी करने आए कप्तान सैम कुरेन का साथ हमवतन जॉनी बेयर्स्टो भी ज्यादा देर नहीं दे सके और वो भी 48 के स्कोर पर चहल की गेंद पर रियान पराग के हाथों लपके गए। बेयर्स्टो ने 14(22) रन बनाए।

जीतेश और कुरेन की साझेदारी ने पहुंचाया 100 रन के पार

बेयर्स्टो के आउट होने के बाद सैम कुरेन को दूसरे छोर पर जीतेश शर्मा का साथ मिला। दोनों ने मिलकर टीम को 14.4 ओवर में 100 रन के पार पहुंचाया और पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 40 गेंद में पूरी कर ली। लेकिन ये साझेदारी 16वें ओवर की चौथी गेंद पर टूट गई। चहल ने जीतेश को पराग के हाथों कैच कराकर पंजाब को पांचवां झटका दिया। जीतेश ने 22(20) रन बनाए। उनके आउट होते ही स्कोर 111 रन पर 5 विकेट हो गया।

आशुतोष-कुरेन ने कराई जीत की दहलीज पार

जीतेश के आउट होने के बाद इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आशुतोष शर्मा मैदान पर उतरे। आशुतोष ने कप्तान का अंत तक साथ दिया। इसी दौरान कुरेन ने 38 गेंद में 5 चौके और एक छक्के की मदद से अपना आईपीएल करियर का पांचवां अर्धशतक पूरा किया। वो 41 गेंद में 63 रन बनाकर और आशुतोष 17(11) रन बनाकर नाबाद रहे।

प्लेयर ऑफ द मैच:

पंजाब किंग्स के कप्तान सैम कुरेन को उनके ऑलराउंड मैच जिताऊ प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 41 गेंद में नाबाद 63 रन की पारी खेलने के अलावा गेंदबाजी में 24 रन देकर 2 विकेट भी अपने नाम किए थे।
Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article