क्रिकेट

IPL 2026, RCB vs LSG T20 Match, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने लखनऊ को पटखनी देकर दर्ज की आईपीएल 2026 में चौथी जीत, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 5 विकेट के अंतर से मात देकर सीजन में चौथी जीत दर्ज की और घर पर जीत की हैट्रिक पूरी कर ली। जानिए कैसा रहा मैच के पल-पल का हाल?

Image

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स, कल का मैच कौन जीता (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने अपनी घातक गेंदबाजी और शानदार बल्लेबाजी की बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स को सीजन के 23वें मैच में 5 विकेट के अंतर से मात देकर लगातार दूसरी और सीजन की चौथी जीत दर्ज की। मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स का हाल बेहाल हो गया और पूरी टीम 20 ओवर में 146 रन बनाकर ढेर हो गई। आरसीबी के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट रसिख डार ने लिए। 3 विकेट भुवनेश्वर कुमार को, 2 विकेट क्रुणाल पांड्या के खाता में और एक जोश हेजलवुड के खाते में गया। इसके बाद जीत के लिए मिले 147 रन के लक्ष्य को आरसीबी ने विराट कोहली की 49(35), रजत पाटीदार की 27(13) और जितेश शर्मा की 23(9) रन की पारियों की बदौलत 15.1 ओवर में 5 विकेट रहते हासिल कर लिया। अंत में टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड 14-14 रन बनाकर नाबाद रहे। लखनऊ के लिए तीन विकेट प्रिंस यादव और 2 विकेट आवेश खान के खाते में गए। इस मैच में जीत के बाद आरसीबी की टीम 5 मैच में 4 जीत और 8 अंक के साथ अंक तालिका में पहले पायदान पर पहुंच गई है। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल?

आरसीबी ने जीता टॉस

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

खराब रही लखनऊ की शुरुआत

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए पारी की शुरुआत करने मिचेल मार्श और एडेन मार्करम की जोड़ी उतरी। दोनों ने टीम को 32 रन तक बगैर किसी नुकसान के पहुंचा दिया। लेकिन चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर ये साझेदारी एडेन मार्करम के आउट होते ही टूट गई। मार्करम रसिख सलाम की गेंद पर देवदत्त पडिक्कल के हाथों लपके गए। उन्होंने 12(8) रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने एक छक्का आउट होने से ठीक पहले जड़ा।

रिटायर्ड हर्ट हुए ऋषभ पंत

मार्करम के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान ऋषभ पंत का सामना जोश हेजलवुड से हुआ। पांचवें ओवर की चौथी गेंद पुल शॉट खेलने की कोशिश कर रहे पंत के बांए हाथ की कोहनी पर लगी और ऐसे में पंत को बगैर खाता खोले रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। पंत के पवेलियन वापस लौटने के बाद बल्लेबाजी करने निकोलस पूरन आए। एक छोर संभाला खड़े मिचेल मार्श और पूरन टीम को पॉवरप्ले में एक विकेट के नुकसान पर 35 रन तक ले गए।

अर्धशतक से चूके मार्श

पॉवरप्ले के समाप्त होने के बाद पहली ही गेंद पर लखनऊ को दूसरा झटका निकोलस पूरन के रूप में लगा। पूरन जोश हेजलवुड की गेंद पर बोल्ड हो गए। वो 1(7) रन बना सके। पूरन के आउट होने के बाद टीम के ऊपर दबाव बढ़ गया। ऐसे में मिचेल मार्श और आयुष बडोनी ने पारी को संभाला और लखनऊ को 8 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों स्कोर को 71 रन तक ले गए लेकिन दसवें ओवर की पांचवीं गेंद पर मार्श को क्रुणाल पांड्या ने बोल्ड करके तीसरा झटका लखनऊ को दिया। मार्श 32 गेंद में 40 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 2 छक्के जड़े। मार्श अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर सके।

बडोनी और मुकुल ने पहुंचाया 100 रन के पार

मार्श के आउट होने के बाद आयुष बडोनी को को अब्दुल समद का साथ मिला। दोनो स्कोर को 83 रन तक ले गए। लेकिन पांड्या ने उन्होंने 12वें ओवर की दूसरी गेंद पर पाटीदार के हाथों कैच कराकर लखनऊ को चौथा झटका दिया। समद अपना खाता भी नहीं खोल पाए। समद के पवेलियन लौटने के बाद बल्लेबाजी करने मुकुल चौधरी आए। उन्होंने आयुष बडोनी के साथ मोर्चा संभाला और टीम को 100 रन के पार 13.5 ओवर में पहुंचा दिया। दोनों स्कोर को 118 रन तक ले गए। ऐसे में बडोनी 38(24) रन बनाकर विकेट के पीछे रसिख डार की गेंद पर लपके गए। बडोनी के पवेलियन लौटने के बाद चोटिल ऋषभ पंत बल्लेबाजी के लिए मैदान में लौटे लेकिन 17वें ओवर की पांचवीं गेंद पर उनकी पारी का अंत भुवनेश्वर कुमार ने कर दिया। फिल साल्ट ने पंत का शानदार कैच लपका। वो 1(6) रन बना सके।

146 रन पर ढेर हुई लखनऊ की टीम

16.5 ओवर में 124 रन पर 6 विकेट लखनऊ ने गंवा दिए थे। ऐसे में मुकुल चौधरी ने एक छोर संभाला लेकिन दूसरे छोर पर विकेटों की झड़ी लगी रही। ऐसे में पूरी टीम 20 ओवर में 146 रन बनाकर ढेर हो गई। मुकुल चौधरी ने 39(28) रन बनाए और 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर डार का शिकार बने। जॉर्ज लिंडे ने 7, आवेश खान ने एक रन बनाए। मोहम्मद शमी अपना खाता नहीं खोल पाए। दिग्वेश राठी 0 रन बनाकर नाबाद रहे। रसिख सलाम ने आरसीबी के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। तीन विकेट भुवनेश्वर कुमार ने लिए। 2 सफलता क्रुणाल पांड्या के हाथ लगी। वहीं एक विकेट जोस हेजलवुड के हाथ लगी।

विराट पडिक्कल ने पहुंचाया 50 रन के पार

जीत के लिए 147 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी के लिए फिल साल्ट और विराट कोहली ने की। लेकिन ये साझेदारी परवान नहीं चढ़ सकी। साल्ट 7(8) रन बनाकर प्रिंस यादव की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद विराट का साथ देने देवदत्त पडिक्कल आए। दोनों ने 4.2 ओवर में आरसीबी को 50 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी 24 गेंद में पूरी कर ली। इसमें विराट ने 37 और पडिक्कल ने 8 रन का योगदान दिया।

अर्धशतक से चूके विराट कोहली

6 ओवर में आरसीबी ने एक विकेट पर 60 रन बना लिए थे। पॉवरप्ले के समाप्त होने के बाद विराट और पडिक्कल की जोड़ी स्कोर को 72 रन तक ले गई। ऐसे में पडिक्कल को आवेश खान ने कैच करा दिया। वो 10(11) रन बना सके। पडिक्कल के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए रजत पाटीदार ने तेजी से रन बनाने शुरू किए। दोनों टीम को 10 ओवर में 86 रन तक ले गए। 11वें ओवर की पहली गेंद पर विराट कोहली 49(34) रन बनाकर निकोलस पूरन के हाथों आवेश खान की गेंद पर लपके गए और अपना अर्धशतक पूरा करने से चूक गए। विराट ने अपनी पारी में 6 चौके और एक छक्का जड़ा।

जितेश और पाटीदार ने की आतिशी बल्लेबाजी

विराट के आउट होने के बाद पाटीदार को जितेश शर्मा का साथ मिला। दोनों छोर से दोनों बल्लेबाजों ने हल्ला बोल दिया और टीम को 11.3 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। 121 के स्कोर पर पाटीदार को प्रिंस यादव ने राठी के हाथों कैच करा दिया। वो 27(13) रन बना सके। पाटीदार के आउट होने के बाद उसी ओवर में जितेश भी 23(9) रन बनाकर प्रिंस की गेंद पर कैच दे बैठे। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 2 छक्के जड़े।

टिम डेविड और शेफर्ड ने दिलाई जीत

122 रन पर आरसीबी ने 5 विकेट गंवा दिए थे। अंत में टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड ने 14-14 रन बनाकर आरसीबी को जीत की दहलीज 15.1 ओवर में पार करा दी। रोमारियो शेफर्ड ने टीम के लिए विजयी चौका जड़ा। यह आरसीबी की सीजन में चौथी जीत है। इस जीत के साथ बेंगलुरू अंक तालिका में 8 अंक के साथ पहले पायदान पर पहुंच गई है। लखनऊ के लिए प्रिंस यादव ने सबसे ज्यादा 3 और दो विकेट आवेश खान ने लिए।

प्लेयर ऑफ द मैच:

पॉवरप्ले में लखनऊ को बैकफुट पर धकेलने वाले जोश हेजलवुड को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 4 ओवर में 20 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया। उन्होंने 13 गेंद डॉट डालीं और लखनऊ को शुरुआत में ही दबाव में ला दिया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article