क्रिकेट

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने दिल्ली कैपिटल्स को आईपीएल 2024 के 62वें मैच में दी मात, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने रविवार को खेले गए दूसरे मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को 47 रन के बड़े अंतर से मात देकर अपनी प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाओं को बरकरार रखा है। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल?

Image

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर बनाम दिल्ली कैपिटल्स(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स को दी 47 रन से मात
  • दर्ज की सीजन में लगातार पांचवी जीत
  • रखी प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाएं बरकरार

आईपीएल 2024 के 62वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और दिल्ली कैपिटल्स के बीच भिड़ंत हुई। दोनों टीमों के लिए प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए इस मुकाबले में जीत दर्ज करना जरूरी था। ऐसे में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 187 रन का स्कोर खड़ा किया। जिसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 19.1 ओवर में 140 रन बना सकी और आरसीबी ने 47 रन के मैच अपने नाम कर लिया। यह आरसीबी की पांच मैच में पांचवीं जीत है। आरसीबी का आखिरी मुकाबला चेन्नई के साथ है। इस मुकाबले में जीत से ही आरसीबी के लिए प्लेऑफ के दरवाजे खुलेंगे। आइए जानते हैं कैसा रहा दिल्ली और बेंगलुरू के बीच भिड़ंत का हाल?

दिल्ली कैपिटल्स ने जीता टॉस:

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

खराब रही आरसीबी की शुरुआत:

घरेलू मैदान पर टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की शुरुआत बेहद खराब रही। पारी के तीसरे ओवर में ही कप्तान फॉफ डुप्लेसी 6(7) रन बनाकर मुकेश कुमार की गेंद पर फ्रेजर मेगर्क के हाथों लपके गए। इसके बाद जल्दी ही विराट कोहली भी तेजी से रन बनाने की कोशिश में इशांत शर्मा की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। विराट ने 13 गेंद मं 27 रन की पारी खेली।

पाटीदार-जैक्स ने पारी को संभाला

36 रन पर 2 विकेट गंवाने के बाद आरसीबी की पारी को विल जैक्स और रजत पाटीदार ने आगे बढ़ाया। पाटीदार और जैक्स ने टीम को 4.5 ओवर में 50 रन के पार पहुंचाया। पॉवरप्ले में आरसीबी ने 2 विकेट के नुकसान पर 61 रन बना लिए थे। इसके बाद दोनों ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी 25 गेंद में पूरी कर ली और इसी लय को बरकरार रखते हुए टीम को 9.1 ओवर में 100 रन के पार भी पहुंचा दिया।

पाटीदार ने जड़ा आतिशी पचासा

रजत पाटीदार ने अपने शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए 29 गेंद में 3 चौके और 3 छक्के की मदद से अपना सीजन का पांचवां अर्धशतक पूरा कर लिया। लेकिन इसके कुछ देर बाद 13वें ओवर की तीसरी गेंद पर रसिख सलाम का शिकार बने। सलाम ने पाटीदार को अक्षर पटेल के हाथों कैच करा दिया। पाटीदार ने 52(32) रन बनाए। पाटीदार और जैक्स के बीच तीसरे विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी हुई।

जैक्स अर्धशतक से चूके

पाटीदार के आउट होने के बाद जैक्स को दूसरे छोर पर कैमरन ग्रीन का साथ मिला लेकिन ये साझेदारी ज्यादा देर नहीं चली। विल जैक्स 15वें ओवर की चौथी गेंद पर कुलदीप यादव की फिरकी में फंस गए। जैक्स 29 गेंद में 41 रन बनाकर आउट हुए और अपना अर्धशतक पूरा करने से चूक गए।

अंत तक टिके रहे कैमरन ग्रीन

जैक्स के आउट होने के बाद एक छोर पर कैमरन ग्रीन ने अपने पैर जमा लिए लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते गए। महिपाल लोमरोर 13 रन बनाकर आउट हुए। इनके अलावा दिनेश कार्तिक(0), स्वप्निल सिंह(0), कर्ण शर्मा(6) और मोहम्मद सिराज(0) रन बनाकर आउट हुए। ग्रीम ने 24 गेंद में नाबाद 32 रन बनाकर आरसीबी को 20 ओवर में 9 विकेट पर 187 रन के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की।

30 रन पर दिल्ली ने गंवाए 4 विकेट

जीत के लिए 188 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। दिल्ली ने देखते देखते 3.3 ओवर में 30 रन पर चार विकेट गंवा दिए। डेविड वॉर्नर(1), अभिषेक पोरेल (2), जैक फ्रेजर मैगर्क(21) और कुमार कुशाग्र 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वॉर्नर को पहले ही ओवर में स्वपनिल सिंह ने विल जैक्स के हाथों कैच कराया। इसके बाद पोरेल यश दयाल का शिकार बने। इसके बाद मेगर्क रन आउट हो गए और कुमार कुशाग्र को मोहम्मद सिराज ने एलबीडब्लू कर दिया।

होप और अक्षर ने शुरुआती झटकों से उबारा

पहली 21 गेंदों में 30 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद साई होप और कार्यवाहक कप्तान अक्षर पटेल ने मोर्चा संभाला। दोनों ने टीम को 5.4 ओवर में 50 रन के पार पहुंचाया। पॉवरप्ले में दिल्ली ने 54 रन 4 विकेट के नुकसान पर बनाए। इसके बाद दोनों ने रन गति को बनाए रखते हुए स्कोर को 86 रन तक पहुंचाया। लेकिन साई होप लोकी फर्ग्युसन की गेंद पर कैच दे बैठे। उन्होंने 29(23) रन की पारी खेली।

नहीं काम आई अक्षर की कप्तानी पारी

होप के आउट होने के बाद एक छोर पर अक्षर पटेल टिके रहे। उन्होंने टीम को 100 रन के पार 11.5 ओवर में पहुंचाया और अपना अर्धशतक 30 गेंद में 5 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा किया। लेकिन दूसरे छोर से उन्हें किसी और खिलाड़ी का साथ नहीं मिला। लगातार विकेट गिरते गए और पूरी टीम 19.1 ओवर में 140 रन पर ढेर हो गई। अक्षर खुद 16वें ओवर की चौथी गेंद पर यश दयाल का शिकार बनकर पवेलियन लौटे। तभी टीम की जीत की संभावनाएं पूरी तरह खत्म हो गईं। आरसीबी के लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट यश दयाल ने लिए। वहीं दो सफलता लोकी फर्ग्युसन को मिला। 1-1 विकेट स्वप्निल सिंह, मोहम्मद सिराज और कैमरन ग्रीन के खाते में गया।

प्लेयर ऑफ द मैच:

दिल्ली के खिलाफ ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले कैमरन ग्रीन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 32(24) रन बनाने के अलावा 19 रन देकर एक विकेट भी अपने नाम किया।
Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article