क्रिकेट

मुंबई इंडियन्स को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ आईपीएल 2024 के 67वें मैच में मिली हार, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स

इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन के 67वें मुकाबले में मुंबई इंडियन्स को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 18 रन के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल?

Image

मुंबई इंडियन्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • मुंबई इंडियन्स को मिली लखनऊ के खिलाफ हार
  • जीत के लिए 215 रन का लक्ष्य नहीं हासिल कर पाई मुंबई पलटन
  • हार के साथ 10वें पायदान पर रहते हुए किया सीजन का अंत

इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन के 67वें मुकाबले में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियन्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच भिड़ंत हुई। दोनों ही टीमों का यह लीग दौर का आखिरी मुकाबला था। मैच में मुंबई इंडियन्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इसके बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 214 रन का स्कोर खड़ा किया। निकोलस पूरन ने 29 गेंद में 75 और केएल राहुल ने 41 गेंद में 55 रन की पारी खेलकर टीम को यहां तक पहुंचाया। इसके बाद जीत के लिए मिले 215 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियन्स की टीम रोहित शर्मा की 38 गेंद में 68 और नमन धीर की 28 गेंद में 62 रन की आतिशी पारियों के बावजूद 20 ओवर में 6 विकेट पर 196 रन बना सकी और 18 रन के अंतर से मैच गंवा दिया। निकोलस पूरन की पारी लखनऊ के लिए निर्णायक साबित हुई।

मुंबई इंडियन्स ने जीत टॉस:

मुंबई इंडियन्स के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

खराब रही लखनऊ की शुरुआत: लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पारी के पहले ही ओवर की तीसरी गेंद पर देवदत्त पडिक्कल खाता खोले बगैर एलबीडब्लू हो गए। इसके बाद केएल राहुल और मार्कस स्टोइनिस ने मोर्चा संभाला। दोनों ने टीम को 49 रन तक पहुंचाया लेकिन पॉलरप्ले की आखिरी गेंद पर स्टोइनिस पीयूष चावला की गेंद पर 28(22) रन बनाकर एलबीडब्लू हो गए। 49 रन के स्कोर पर स्टोइनिस के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए दीपक हुड्डा भी जल्दी ही पवेलियन लौट गए। हुड्डा 11(9) रन बनाकर आउट हुए। उन्हें भी पीयूष चावला ने अपना शिकार बनाया। इसके साथ ही लखनऊ का स्कोर 9.3 ओवर में 3 विकेट पर 69 रन हो गया।

पूरन और राहुल ने तेजी से बनाए रन

हुड्डा के पवेलियन लौटने के बाद बल्लेबाज करने निकोलस पूरन उतरे। उन्होंने दूसरे छोर पर पैर जमा चुके कप्तान केएल राहुल का पूरा साथ दिया। पूरन ने एक छोर से हल्ला बोल दिया और मुंबई के गेंदबाजों की जमकर धुनाई लगाते हुए लखनऊ को 12.3 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद चौथे विकेट के लिए 22 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली।

19 गेंद में पूरन ने जड़ा अर्धशतक

पूरन का आक्रामक खेल आगे भी जारी रहा और उन्होंने 19 गेंद में अपना अर्धशतक 2 चौके और 7 छक्के की मदद से पूरा कर लिया और टीम को 14.4 ओवर में 150 रन के पार पहुंचा दिया। चौथे विकेट के लिए दोनों के बीच शतकीय साझेदारी भी 38 गेंद में पूरी हो गई। लेकिन 17वें ओवर में राहुल और पूरन की साझेदारी टूट गई।

178 रन पर लखनऊ ने गंवाए तीन विकेट

17वें ओवर की पांचवीं गेंद पर नुवान तुषारा ने पूरन को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच करा दिया। पूरन ने 29 गेंद में 75 रन बनाए और इस दौरान 5 चौके और 8 छक्के जड़े। पूरन के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए अरशद खान भी अगली ही गेंद पर नेहाल वढेरा के हाथों लपके गए। अरशद अपना खाता नहीं खोल पाए। इसके बाद 18वें ओवर की पहली गेंद पर केएल राहुल को पीयूष चावला ने तुषारा के हाथों कैच कराकर लखनऊ को लगातार तीसरा झटका दे दिया।

लखनऊ ने खड़ा किया 6 विकेट पर 214 रन का स्कोर

17.1 ओवर में 178 रन पर 6 विकेट गंवाने के बाद आयुष बदोनी और क्रुणाल पांड्या ने अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाते हुए टीम को 19.2 ओवर में 200 रन के पार और 20 ओवर में 6 विकेट पर 214 रन तक पहुंचा दिया। बदोनी 22(10) और क्रुणाल 12(7) रन बनाकर नाबाद रहे।

ब्रेविस रोहित ने दी मुंबई को तेज शुरुआत

जीत के लिए 215 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियन्स को रोहित शर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस ने तेज शुरुआत दी। लेकिन चौथे ओवर की पांचवीं गेंद पर बारिश की वजह से मैच रोकना पड़ा। तब मुंबई का स्कोर स्कोर 3.5 ओवर में 33/0 रन था। बारिश रुकने के बाद जब दोबारा खेल शुरू हुआ तो दोनों ने और तेजी से रन बनाने शुरू किए और टीम को 5.4 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। पॉवरप्ले में मुंबई ने बगैर किसी नुकसान के 53 रन बना लिए थे।

रोहित ने जड़ा आतिशी अर्धशतक

रोहित ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी को जारी रखते हुए 28 गेंद में 7 चौके और तीन छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। लेकिन इसके बाद रोहित ब्रेविस की साझेदारी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। नौवें ओवर की चौथी गेंद पर 88 के स्कोर पर ब्रेविस नवीन उल हक का शिकार बने। उन्होंने 23(20) रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए सूर्यकुमार यादव दसवें ओवर की दूसरी गेंद पर खाता खोले बगैर हार्दिक पांड्या की गेंद पर बाउंड्री पर रवि बिश्नोई के हाथों लपके गए।

मुंबई ने जल्दी जल्दी गंवाए तीन विकेट, गंवाई लय

ब्रेविस और सूर्यकुमार के आउट होने के बाद रोहित शर्मा भी ज्यादा देर तक पिच पर नहीं टिक सके और 11वें ओवर की पांचवीं गेंद पर रवि बिश्नोई की गेंद पर मोहसिन खान के हाथों लपके गए। उन्होंने 68(38) रन बनाए। 97 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद मुंबई की बल्लेबाजी का मोर्चा हार्दिक पांड्या और इशान किशन ने संभाला। दोनों ने टीम को 11.3 ओवर में 100 रन के पार पहुंचाया। लेकिन हार्दिक इसके बाद जल्दी ही मोहसिन खान की गेंद पर नवीन उल हक के हाथों कैच दे बैठे। उन्होंने 16(13) रन बनाए। हार्दिक के बाद बल्लेबाजी करने आए नेहाल वढेरा भी कुछ कमाल नहीं कर पाए और एक रन बनाकर रवि बिश्नोई की गेंद पर क्रुणाल पांड्या के हाथों लपके गए।

120 रन पर मुंबई ने गंवा दिए थे 5 विकेट, नमन ने बचाई लाज

14.2 ओवर में 120 रन पर मुंबई की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। ऐसे में नमन धीर ने संघर्ष कर रहे इशान किशन के साथ मोर्चा संभाला। इशान एक छोर पर डटे रहे और दूसरे छोर से नमन ने चौकों छक्कों की बारिश करते हुए टीम को 17.1 ओवर में 150 रन के पार पहुंचाया और छठे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी 25 गेंद में पूरी कर ली। उन्होंने अपना अर्धशतक भी 25 गेंद में 4 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। दूसरे छोर से इशान के बड़े शॉट्स नहीं खेल पाने की वजह से मुंबई की मुश्किलें बढ़ गईं।

आखिरी ओवर में जीत के लिए मुंबई को बनाने थे 34 रन

पारी के आखिरी ओवर में जीत के लिए मुंबई को 34 रन बनाने थे। पहली गेंद पर नमन ने नवीन के खिलाफ छक्का जड़कर कुछ आस जगाई लेकिन उसके बाद कसी हुई गेंदबाजी के सामने उन्होंने दूसरी गेंद पर एक रन लिया। क्योंकि उनके छक्के के प्रयास को बाउंड्री पर क्रुणाल पांड्या ने अपने शानदार प्रयास से नाकाम कर दिया। इसके बाद स्ट्राइक पर आए इशान किशन गेंद पर तेज प्रहार करने की कोशिश में बोल्ड हो गए। गेंद बैट का किनारा लेकर सीधे स्टंप्स पर जा लगी। इशान ने 14(15) रन बनाए। अंत में नमन 28 गेंद में 62 रन बनाकर नाबाद रहे लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। मुंबई की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 196 रन बना सकी और 18 रन के अंतर से मैच गंवा दिया। इसके साथ ही मुंबई सीजन में 10वीं हार के साथ सीजन का अंत अंक तालिका में 10वें पायदान पर रहते हुए किया।

प्लेयर ऑफ द मैच:

29 गेंद में 75 रन की आतिशी पारी खेलकर लखनऊ को जीत दिलाने वाले निकोलस पूरन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article