DC vs LSG, Who Won Yesterday IPL Match (कल का मैच कौन जीता) : इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन के 64वें मुकाबले में मंगलवार को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच भिड़ंत हुई। दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स दोनों ही टीमों के लिए ये मुकाबला प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए बेहद अहम था। ऐसे में दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 208 रन का स्कोर खड़ा कर दिया। दिल्ली के लिए अभिषेक पोरेल और ट्रिस्टन स्टब्स ने आतिशी अर्धशतक जड़े। इसके बाद जीत के लिए मिले 209 रन के लक्ष्य को लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम हासिल नहीं कर सकी और 19 रन के अंतर से मैच और प्लेऑफ में पहुंचने का शानदार मौका गंवा दिया।
ऐसा ही है अब दिल्ली और लखनऊ की प्लेऑफ की राह
दिल्ली कैपिटल्स की टीम 14 मैच में 7 जीत और 7 हार के साथ अंक तालिका में पांचवें पायदान पर काबिज हो गई है। लेकिन निगेटिव नेट रन रेट उसकी प्लेऑफ की राह का रोड़ा बन रहा है। वहीं लखनऊ के खाते में 13 मैच में 12 अंक हैं। प्लेऑफ में बने रहने के लिए उसे अपने आखिरी मुकाबले में मुंबई इंडियन्स के खिलाफ बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी।
दिल्ली कैपिटल्स ने जीता टॉस:
लखनऊ सुपर जायट्स के खिलाफ अपने घरेलू मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का बोल्ड फैसला किया। इस मैदान पर लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को जीत मिल रही हैं बावजूद इसके पंत ने ये बोल्ड फैसला किया।खराब रही दिल्ली की शुरुआत:
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत खराब रही। फॉर्म में चल रहे जैक फ्रेजर मैगर्क पारी के पहले ही ओवर की दूसरी गेंद पर अरशद खान का शिकार बने। अरशद की गेंद पर नवीन उल हक ने उनका कैच लपका। फ्रेजर मेगर्क अपना खाता भी नहीं खोल सके। मैगर्क के आउट होने के बाद अभिषेक पोरेल का साथ देने आए साई होप। दोनों ने पारी को आगे बढ़ाया और 4 ओवर में दिल्ली को पचास रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद 23 गेंद में दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली। पॉवरप्ले ने दोनों ने मिलकर स्कोर को 1 विकेट पर 73 रन तक पहुंचा दिया।पोरेल ने जड़ा आतिशी पचासा
पॉवरप्ले के खत्म होने के बाद पोरेल ने अपना अर्धशतक 21 गेंद में 5 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरा कर लिया लेकिन टीम को 100 रन के स्कोर तक पहुंचाने से पहले होप को रवि बिश्नोई ने चलता कर दिया और साझेदारी को तोड़ा। होप 27 गेंद में 38 रन बनाकर आउट हुए। होप के आउट होने के बाद पोरेल का साथ देने ऋषभ पंत उतरे दोनों ने मिलकर टीम को 9.2 ओवर में 100 रन के पार 2 विकेट के नुकसान पर पहुंचा दिया।
स्टब्स ने बोला लखनऊ के गेंदबाजों के खिलाफ हल्ला
पंत और पोरेल की साझेदारी ज्यादा देर नहीं चल सकी। 111 के स्कोर पर पोरेल को नवीन उल हक ने निकोलस पूरन के हाथों कैच करा दिया। उन्होने 33 गेंद में 58 रन की पारी खेली। इसके बाद पंत का साथ देने आए ट्रिस्टन स्टब्स ने बल्ले से हल्ला बोल दिया और टीम को 15.5 ओवर में 150 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों चौथे विकेट के लिए पंत और स्टब्स ने 31 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली और रन बनाने में जुटे रहे। लेकिन 158 के स्कोर पर पंत 23 गेंद में 33 रन बनाकर नवीन उल हक का दूसरा शिकार बने।
अर्धशतक जड़कर स्टब्स ने टीम को 208 रन तक पहुंचाया
स्टब्स ने अपना अर्धशतक 22 गेंद में 3 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। अंत में अक्षर पटेल और स्टब्स ने मिलकर दिल्ली को 19.3 ओवर में 200 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 22 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। अंत में दिल्ली ने 4 विकेट पर 208 रन का स्कोर खड़ा किया। स्टब्स 25 गेंद में 57 और अक्षर पटेल 10 गेंद में 14 रन बनाकर नाबाद रहे। लखनऊ के लिए सबसे ज्यादा दो विकेट नवीन उल हक ने झटके। वहीं एक विकेट रवि बिश्नोई और एक अरशद खान खाते में गया।
44 रन पर लखनऊ ने गंवाए टॉप 4 विकेट
जीत के लिए 209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत बेहद खराब रही। देखते ही देखते 3.1 ओवर में लखनऊ के टॉप तीन बल्लेबाज पवेलियन वापस लौट गए। 24 रन पर लखनऊ के केएल राहुल(5),क्विंटन डिकॉक(12) और मार्कस स्टोइनिस(5) अपना विकेट गंवा चुके थे। डिकॉक और राहुल को इशांत शर्मा ने मुकेश कुमार के हाथों कैच कराया। वहीं अक्षर की गेंद पर स्टोइनिस स्टंपिंग हो गए। इसके बाद जल्दी ही दीपक हुड्डा के रूप में लखनऊ को चौथा झटका भी इशांत शर्मा ने दिया। हुड्डा अपना खाता खोल नहीं पाए और इशांत ने उन्हें एलबीडब्लू कर दिया।
निकोलस पूरन ने जड़ा आतिशी पचासा
4.1 ओवर में 44 रन पर 4 विकेट गंवाकर लखनऊ की टीम मुश्किल में नजर आने लगी। ऐसे में निकोलस पूरन ने एक छोर से मोर्चा संभाला। लेकिन जल्दी ही आयुष बदोनी को ट्रिस्टन स्टब्स ने गुलबदीन नईब के हाथों कैच करा दिया। उन्होंने 6 रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए क्रुणाल पांड्या ने पूरन के साथ मिलकर टीम को 11 ओवर में 5 विकेट पर 101 रन तक पहुंचा दिया। पूरन ने इस दौरान अपना अर्धशतक 20 गेंद में 5 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। लेकिन अर्धशतक पूरा करने और टीम को तीन अंक के आंकड़े तक पहुंचाने के बाद पूरन भी पवेलियन लौट गए। पूरन को मुकेश कुमार ने अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। पूरन ने 27 गेंद में 61 रन की पारी खेली और इस दौरान 3 चौके और 5 छक्के जड़े।
अरशद के अर्धशतक ने कायम रखी जीत की आस
पूरन के आउट होने के बाद लखनऊ की जीत की संभवनाएं कम हो गई थीं। ऐसे में क्रुणाल पांड्या ने अरशद खान के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया लेकिन पांड्या 134 के स्कोर पर 18(18) रन बनाकर कुलदीप की गेंद पर स्टंपिंगि हो गए। क्रुणाल के आउट होने के बाद युद्धवीर ने दूसरे छोर पर खड़े अरशद खान का साथ दिया। अरशद एक छोक से हल्ला बोलते रहे लेकिन 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर युद्धवीर 14(7) रन बनाकर आउट हुए। वहीं अरशद ने अपना अर्धशतक 25 गेंद में 3 चौके और 5 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। दूसरे छोर से उन्हें कोई साथ नहीं मिला और टीम 20 ओवर में केवल 189 रन बना सकी। अरशद 33 गेंद में 58 रन बनाकर नाबाद रहे। इशांत शर्मा दिल्ली के सबसे सफल गेंदबाज रहे उन्होंने 34 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं 1-1 विकेट अक्षर पटेल, खलील अहमद, मुकेश कुमार, कुलदीप यादव और ट्रिस्टन स्टब्स के हाथ लगा।
