आईपीएल 2027 से पहले लखनऊ सुपरजायंट्स के सामने अपना नया कप्तान ढूंढने की चुनौती होगी। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने आईपीएल 2026 सीजन के बाद कप्तानी छोड़ने का निर्णय ले लिया था, ऐसे में लखनऊ को नया कप्तान ढूंढना होगा। लखनऊ की मौजूदा टीम को देखें तो उसमें कई सीनियर खिलाड़ी मौजूद हैं जो पंत की जगह टीम की कमान संभाल सकते हैं। ऐसे में सबसे बड़े दावेदार के तौर पर साउथ अफ्रीका के एडेन मार्करम का नाम रेस में आगे है।
इस संभावना पर खुद मार्करम ने जवाब दिया है। क्रिकबज से जब मार्करम से कप्तानी के बारे में पूछा तो उन्होंने बिना किसी गोल-मटोल जवाब के कहा 'मुझे कोई आइडिया नहीं है। वे जो भी सही समझें, निर्णय ले सकते हैं। हमारी टीम में कुछ योग्य लीडर हैं, इसलिए मुझे इस बारे में ज्यादा चिंता नहीं है। जिसे भी यह जिम्मेदारी मिलेगी, मुझे पूरा विश्वास है कि वह इसे बखूबी निभाएगा और अच्छा काम करेगा, लेकिन अभी तक इस बारे में कोई निर्णय नहीं लिया गया है।"
2025 में LSG से जुड़े थे मार्करम
लखनऊ के अनुभवी खिलाड़ियों में से एक एडेन मार्करम हैं और उन्होंने कई मौकों पर टीम की कमान भी संभाली है। वह साल 2025 में इस टीम से 2 करोड़ रुपये के प्राइस पर शामिल हुए थे। इस सीजन उन्होंने 445 रन भी बनाए। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 2026 सीजन के लिए रिटेन किया था। वर्तमान में वह लखनऊ के लिए वह बतौर सलामी बल्लेबाज खेलते हैं। हालांकि, साल 2026 में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। 2026 आईपीएल सीजन में उन्होंने एलएसजी के लिए 12 मैचों में 231 रन बनाए थे। लखनऊ ने इस सीजन प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे फिनिश किया था। टीम 14 मैच में से केवल 4 मुकाबला जीती थी। पंत एंड कंपनी प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली पहली टीम बनी थी।
