Who Is Tanmay Shrivastava: आईपीएल 2025 (IPL 2025) की शुरुआत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में मैच के साथ होने वाली है। इस बड़े मैच में विराट कोहली (Virat Kohli) पर सभी की नजरें होंगी क्योंकि वो लीग के इतिहास में एक फ्रेंचाइजी के लिए सभी 18 सीजन खेलने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे। वहीं, इसी टूर्नामेंट में, 2008 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय अंडर-19 टीम में कोहली के एक पूर्व साथी खिलाड़ी आईपीएल 2025 में अंपायर के रूप में दिखाई देंगे। तन्मय श्रीवास्तव, जो 2008 में विश्व कप जीतने वाली विराट कोहली की कप्तानी वाली भारत अंडर-19 टीम के प्रमुख सदस्य थे, को आधिकारिक तौर पर आईपीएल 2025 के लिए अंपायर के रूप में घोषित किया गया है।
तन्मय श्रीवास्तव ने पंजाब किंग्स के लिए 2008 और 2009 में आईपीएल भी खेला था इस तरह वो आईपीएल में खिलाड़ी और अंपायर दोनों के रूप में खेलने वाले दुनिया के पहले व्यक्ति बन गए हैं। एक्स पर एक पोस्ट में, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने घोषणा की कि तन्मय श्रीवास्तव आईपीएल 2025 में अंपायर होंगे। उन्होंने लिखा, "एक सच्चा खिलाड़ी कभी मैदान नहीं छोड़ता, बस तरीका बदल देता है। तन्मय श्रीवास्तव को उसी जुनून के साथ नई भूमिका निभाने के लिए शुभकामनाएं!"
कौन हैं तन्मय श्रीवास्तव, जानिए उनके बारे में सब कुछ
तन्मय श्रीवास्तव बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज थे, जिन्होंने घरेलू स्तर पर उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था। वह 2008 अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली भारतीय अंडर-19 टीम के प्रमुख सदस्यों में से एक थे। उन्होंने उस टूर्नामेंट में 262 रन बनाए और टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोरर भी रहे थे। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल में 46 रन की पारी खेलकर भारत के लिए शीर्ष स्कोर किया था। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 4918 रन बनाकर उनका घरेलू करियर सफल रहा। उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में भी 1728 रन बनाए। उन्होंने पांच साल पहले क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। संन्यास लेने के बाद, उन्होंने अंपायर बनने का प्रशिक्षण लिया और कुछ घरेलू मुकाबले में अंपायरिंग भी की। आईपीएल 2025 श्रीवास्तव का अंपायर के रूप में पहला बड़ा टूर्नामेंट होगा।
