क्रिकेट

वैभव सूर्यवंशी की कब होगी टीम इंडिया में एंट्री? अनिल कुबंले ने दिया जवाब

टीम इंडिया के पूर्व टेस्ट कप्तान अनिल कुंबले ने 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में शामिल किए जाने की मांग पर अहम सलाह दी है। जानिए उन्होंने इस बारे में क्या कहा?

Image

वैभव सूर्यवंशी (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

मुंबई: आईपीएल में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में शामिल करने की बढती मांग के बीच महान स्पिनर अनिल कुंबले ने कहा है कि इस फैसले में हड़बड़ी नहीं करनी चाहिये। यहां एक बातचीत के दौरान कुंबले ने कहा कि असाधारण प्रतिभा के धनी खिलाड़ी को ज्यादा देर रोक पाना कठिन है लेकिन अपेक्षाओं के अत्यधिक दबाव से इस युवा खिलाड़ी पर अनावश्यक दबाव बनेगा। उन्होंने कहा,'इसका जवाब खुद खिलाड़ी दे सकता है।'

अपार प्रतिभा के धनी हैं वैभव सूर्यवंशी

अस्सी के दशक में 16 वर्ष की उम्र में सचिन तेंदुलकर ने भी अपनी असाधारण प्रतिभा से भारतीय टीम में जगह पाई थी। कुंबले ने कहा कि सूर्यवंशी में अपार प्रतिभा है और उसने अब तक सब कुछ सही किया है। उन्होंने हालांकि कहा कि अभी उसके पास समय है। उन्होंने कहा,'दस साल बाद भी वह 25 साल का ही होगा।' कुंबले ने कहा कि क्रिकेट में सफलता का कोई निश्चित रास्ता नहीं होता और खिलाड़ी अपने करियर के विभिन्न चरणों में उभरकर योगदान दे सकते हैं।

अगले दो साल में हो सकती है टीम इंडिया में एंट्री

कुंबले ने कहा,'जहां तक वैभव की बात है तो अगले साल या दो साल बाद। लेकिन जिस तरह से वह बल्लेबाजी कर रहा है, चयनकर्ताओं की नजर उस पर जरूर होगी।' भारत में 2036 ओलंपिक होने की संभावना पर कुंबले ने कहा कि यह भारतीय खेलों के लिये निर्णायक मोड़ होगा जिससे विभिन्न खेलों में नयी पीढी के खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा,'हर खेल में जब तक रोलमॉडल नहीं होंगे, युवा खिलाड़ियों के लिये कठिन होगा। ओलंपिक की मेजबानी से क्रिकेट से इतर भी रोलमॉडल निकलेंगे जो देश के लिये पदक जीत रहे होंगे।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article