क्रिकेट

T20 World Cup 2024: फाइनल में जीती बाजी गंवाने के बाद जानिए क्या बोले दक्षिण अफ्रीका के कप्तान, बताया- कहां हुई टीम से चूक

Aiden Markram;s Statement after loss in T20 World Cup Final: टीम इंडिया के खिलाफ टी20 विश्व कप 2024 के फाइनल में आखिरी ओवरों में जीती बाजी गंवाने के बाद जानिए क्या बोले द. अफ्रीकी टीम के कप्तान एडेन मार्करम?

Image

एडेन मार्करम

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • दक्षिण अफ्रीका पहली बार पहुंची थी टी20 विश्व कप के फाइनल में
  • टीम इंडिया के खिलाफ नहीं हासिल कर पाई 177 रन का विजयी लक्ष्य
  • आखिरी चार ओवर में पलट गई पूरी बाजी, 7 रन से मिली हार

ब्रिजटाउन: एडेन मार्करम की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम पहली बार टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचने में सफल हुई लेकिन खिताबी जीत हासिल करने से 7 रन के मामूली अंतर से चूक गई। टीम इंडिया के खिलाफ जीत के लिए 177 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 16 ओवर में 4 विकेट पर 151 रन बना लिए थे। हेनरिक क्लासेन 26 गेंद में 52 रन की आतिशी पारी खेलकर नाबाद थे और दूसरे छोर पर अनुभवी डेविड मिलर 9 गेंद में 15 रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे। ऐसे में हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह ने पूरी बाजी पलट दी। अगले चार ओवर में केवल 18 रन पर 4 विकेट गंवाने की वजह से दक्षिण अफ्रीका के हाथ से जीती बाजी निकल गई और टीम इंडिया 17 साल बाद टी20 में वर्ल्ड चैंपियन बन गई।

हासिल करने लायक था लक्ष्य

खिताबी मुकाबले में करीबी हार का सामना करने के बाद कप्तान एडेन मार्करम ने कहा, 'फिलहाल तो मैं निराश हूं। इससे उबरने में वक्त लगेगा। हमने अच्छी गेंदबाजी की और बल्लेबाजी भी अच्छी रही लेकिन जीत तक नहीं पहुंच सके। हार के बावजूद हमें अपने प्रदर्शन पर गर्व है। लक्ष्य हासिल करने लायक था हमने अच्छी बल्लेबाजी भी की लेकिन जीत की रेखा पार करने से चूक गए।

गर्व के साथ लौटेंगे घर, अचानक बदल गई स्थिति

उन्होंने कहा ,आखिरी गेंद तक कुछ नहीं कह सकते। चेज करते हुए हम कभी भी ढीले नहीं पड़े। अंतिम ओवरों में स्थिति अचानक से बदल गई। स्कोरबोर्ड का दबाव हमेशा था। यह अच्छा मैच था और इसने साबित किया कि हम फाइनल खेलने के हकदार थे। दक्षिण अफ्रीकी प्रतिस्पर्धी और सम्मानीय हैं और हम आखिर तक लड़कर घर लौट रहे हैं। ये अभी भी हमारे लिए एक गर्व का पल है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article