क्रिकेट

IND vs AUS: एडिलेड में हार के बाद मोहम्मद शमी की टीम इंडिया में वापसी के बारे में रोहित शर्मा ने दिया बड़ा बयान

भारतीय टीम की एडिलेड टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 10 विकेट के अंतर से करारी हार के बाद टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने बताया है कि कब होगी मोहम्मद शमी की टीम इंडिया में वापसी?

Image

रोहित शर्मा(साभार Cricket Australia)

एडिलेड: भारतीय क्रिकेट टीम को रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में खेले जा रहे डे-नाइट टेस्ट मैच के तीसरे ही दिन 10 विकेट के अंतर से करारी हार का सामना करना पड़ा। पहली पारी में 157 रन से पिछड़ने के बाद टीम इंडिया दूसरी पारी में भी 175 रन बनाकर ढेर हो गई। ऐसे में जीत के लिए ऑस्ट्रेलिया को चौथी पारी में महज 19 रन का लक्ष्य मिला जिसे उस्मान ख्वाजा और मैक्सवीनी की सलामी जोड़ी ने 3.2 ओवर में आसानी से हासिल कर लिया।

शमी के घुटने में फिर आ गई थी सूजन

भारतीय गेंदबाज एडिलेड में कुछ खास नहीं कर सके। ऐसे में टीम की हार के बाद जब रोहित प्रेस से मुखातिब होने पहुंचे तो उनसे ऑस्ट्रेलिया के बाकी बचे दौरे के लिए मोहम्मद शमी के टीम इंडिया से जुड़ने के बारे में सवाल किया गया। जिसका जवाब देते हुए हिटमैन ने कहा, जी हां, उनके लिए दरवाजे खुले हैं। हम उनकी चोट पर नजर रखे हैं। वो सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेल रहे हैं और उनके घुटने में फिर से सूजन आ गई थी। जिसने उनकी टीम इंडिया में वापसी करके टेस्ट मैच खेलने के अरमानों पर पानी फेर दिया। हम उनके बारे में सावधानी बरतना चाहते हैं।

दबाव डालकर उन्हें बुलाना सही नहीं होगा

रोहित ने आगे कहा, हम उन्हें ऐसी स्थिति में ऑस्ट्रेलिया ले आएं और खिलाएं। इस दौरान उनका दर्द उखड़ जाए या कुछ और हो जाए तो मुश्किल होगी। हम उनके बारे में 100 प्रतिशत से ज्यादा सुनिश्चित होना चाहते हैं। क्योंकि उन्होंने काफी वक्त पहले टीम के लिए क्रिकेट खेली है। यह सही नहीं होगा कि हम उन्हें दबाव डालकर यहां बुलाएं और गेंदबाजी करने को कहें।

सावधानी से करेंगे उनके बारे में फैसला

रोहित ने अंत में कहा, कुछ प्रोफेशनल्स उनके घुटने पर निगरानी कर रहे हैं। एनसीए के फीजियो उनके साथ हैं। हम उनकी सलाह के आधार पर ही कोई फैसला करेंगे,क्योंकि वो उन्हें गेंदबाजी करता देख रहे हैं। हर मैच में चार ओवर गेंदबाजी करने के बाद वो 20 ओवर मैदान पर खड़े हो रहे हैं। हमें उनकी वापसी को लेकर सावधानी बरतनी होगी। हालांकि टीम के दरवाजे उनके लिए खुले हैं और कभी भी आकर खेल सकते हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article