क्रिकेट

T20 World Cup: सेमीफाइनल में पाकिस्तान की एंट्री के बाद क्या बोले बाबर आजम

  • Authored by: नवीन चौहानWritten by: नवीन चौहान
  • Updated Nov 6, 2022, 05:09 PM IST

सुपर-12 दौर के अपने आखिरी मुकाबले में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 5 विकेट के अंतर से मात देकर टी20 विश्व कप 2022 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। जानिए लगातार दूसरी बार सेमीफाइनल में टीम की एंट्री के बाद क्या बोले कप्तान बाबर आजम?

Image

बाबर आजम( साभार AP)

एडिलेड: दक्षिण अफ्रीका के अप्रत्याशित रूप से नीदरलैंड के खिलाफ 13 रन के अंतर से हार ने पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल के दरवाजे खोल दिए थे। ऐसे में आखिरी वक्त में हाथ आए इस मौके का पूरा फायदा उठाते हुए पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 5 विकेट के अंतर से मात देकर सेमीफाइनल में एंट्री कर ली।

सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए पाकिस्तान को बांग्लादेश के खिलाफ केवल जीत हासिल करनी थी। ऐसे में उतार-चढ़ाव वाले लो स्कोरिंग मुकाबले में बांग्लादेश की टीम को हार का सामना करना पड़ा और पाकिस्तान ने लगातार दूसरी बार सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

टीम ने पूरे टूर्नामेंट में किया शानदार प्रदर्शन

सेमीफाइनल में प्रवेश करने के बाद बाबर आजम ने कहा, क्रिकेट बेहद मजेदार खेल है। यह टीम गेम है। मेरी टीम ने जिस तरह का प्रदर्शन सभी मैचों में किया मैं इसके लिए सभी की प्रशंसा करता हूं। इस पिच पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं था। पिच पर दोहरा पेस था।

मोहम्मद हारिस ने फिर दिखाया आक्रामक रुख

लक्ष्य का पीछा करने के बारे में बाबर ने कहा, मैंने और रिजवान ने लंबी साझेदारी करने का फैसला किया था। लेकिन दुर्भाग्यवश ऐसा नहीं हो सका। मोहम्मद हारिस ने अपना आक्रामक रवैया दिखाया। उन्हें ऐसी बल्लेबाजी करता देखकर अच्छा लगा। अब सेमीफाइनल का हमें इतंजार है। टीम के सभी खिलाड़ी सेमीफाइनल में खेलने के लिए उत्साहित हैं।

सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के साथ होगी भिड़ंत

पाकिस्तान क्रिकेट टीम की बुधवार, 9 नवंबर को सिडनी में न्यूजीलैंड के साथ भिड़ंत होगी। पाकिस्तान की टीम टी20 विश्व कप 2022 के ग्रुप 2 में 5 मैच में तीन जीत और 2 हार के साथ दूसरे पायदान पर रही। भारत इस ग्रुप में 4 जीत और एक हार के साथ पहले पायदान पर रहा। ऐसे में दोनों टीमें सेमीफाइनल में पहुंची हैं। दोनों देशों के क्रिकेट प्रेमी फाइनल में दोनों टीमें के बीच भिड़ंत की उम्मीद कर रहे हैं।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article