नई दिल्ली: पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच रविवार को त्रिनिदाद में दूसरा वनडे मैच खेला जाना है। पाकिस्तान सीरीज का पहला मुकाबला अपने नाम कर चुका है। ऐसे में मेजबान टीम को सीरीज में बने रहने के लिए यह मैच जीतना ही होगा। इस मुकाबले में पाकिस्तान को सलाम आगा और मोहम्मद रिजवान जैसे बल्लेबाजों से उम्मीद होगी, जिन्होंने पिछले 10 मुकाबलों में 40 से ज्यादा की औसत के साथ रन बनाए हैं, जबकि शाहीन अफरीदी और नसीम शाह गेंद से मेजबान टीम को परेशान करते नजर आ सकते हैं।
त्रिनिदाद में 240 है औसत स्कोर
वेस्टइंडीज को केसी कार्टी और शाई होप से बल्लेबाजी में उम्मीद होगी। वहीं, गेंदबाजी में जेडन सील्स और रोस्टन चेज पाकिस्तान के बल्लेबाजों को परेशान करते नजर आ सकते हैं। ब्रायन लारा स्टेडियम की पिच बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में भी मददगार है। यहां टॉस जीतने वाली टीम पहले बैटिंग पसंद करती है। पिछले 10 मुकाबलों में यहां का औसत करीब 240 रन रहा है।
ऐसा रही है दोनों के बीच अबतक भिड़ंत
पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच साल 1975 से लेकर अब तक कुल 138 वनडे मैच खेले गए हैं, जिसमें टीम ने 64 मैच जीते, जबकि 71 मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा, तीन मुकाबले टाई रहे। पाकिस्तान ने ब्रायन लारा स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले को पांच विकेट से अपने नाम किया था। वेस्टइंडीज की टीम 49 ओवरों में 280 रन पर सिमट गई। टीम के लिए इविन लुईस ने सर्वाधिक 60 रन बनाए, जबकि कप्तान शाई होप ने 55 रन की पारी खेली। इनके अलावा रोस्टन चेज ने 53 रन वेस्टइंडीज के खाते में जोड़े।
पहले वनडे में पाकिस्तानी गेंदबाजों ने ढाया कहर
पाकिस्तान के लिए शाहीन अफरीदी ने सर्वाधिक चार विकेट झटके, जबकि नसीम शाह ने तीन शिकार किए। इसके जवाब में पाकिस्तान ने सात गेंदें शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया। टीम के लिए हसन नवाज ने 63 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि कप्तान मोहम्मद नवाज ने 53 रन मेहमान टीम के खाते में जोड़े। मेजबान टीम के लिए शमर जोसेफ ने सर्वाधिक दो शिकार किए।
