क्रिकेट

वेस्टइंडीज ने की पाकिस्तान की बेइज्जती, किया दौरे के कार्यक्रम में बदलाव से इनकार

वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के आगामी दौरे के सीमित ओवरों की सीरीज के कार्यक्रम में बदलाव के अनुरोध को सीधे तौर पर खारिज कर दिया है।

Image

पाकिस्तान क्रिकेट टीम ( फोटो क्रेडिट ICC X)

कराची: वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने आगामी द्विपक्षीय श्रृंखला के कार्यक्रम या प्रारूप में बदलाव करने के पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रस्ताव को पूरी तरह खारिज कर दिया है। पाकिस्तान की टीम अगले महीने तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय और इतने ही एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला के लिए वेस्टइंडीज का दौरा करने वाली है। टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच एक, तीन और चार अगस्त को होने हैं, जबकि एकदिवसीय मैच आठ 10 और 12 अगस्त को खेले जाएंगे।

टी20 में तब्दील नहीं होगी वनडे सीरीज

पीसीबी सूत्र ने बताया कि वेस्टइंडीज बोर्ड के अधिकारियों ने सिंगापुर में आईसीसी बैठक के दौरान पीसीबी के सीईओ (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) सुमैर अहमद को सूचित किया कि वे वनडे सीरीज को टी20 मैचों से नहीं बदलेंगे। पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज बोर्ड से तीन वनडे मैच रद्द करके टी20 श्रृंखला को पांच या छह मैचों तक बढ़ाने का अनुरोध किया था।

दौरा करना या ना करना पीसीबी पर निर्भर

पीसीबी सूत्र ने बताया,'वेस्टइंडीज बोर्ड के अधिकारियों ने सिंगापुर में पीसीबी को स्पष्ट रूप से बता दिया की श्रृंखला के कार्यक्रम या प्रारूप में कोई बदलाव नहीं होगा। यह अब पीसीबी पर निर्भर करता है कि वे दौरा करना चाहते हैं या नहीं। वेस्टइंडीज बोर्ड के अधिकारी अपनी बात पर अड़े थे। उन्होंने फ्लोरिडा में टी20 मैचों और त्रिनिदाद में वनडे मैचों के लिए टिकटों की बिक्री पहले ही शुरू कर दी थी।' सूत्र ने बताया कि अब अगला कदम उठाना पीसीबी पर है क्योंकि उसने अभी तक वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम की घोषणा नहीं की है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article