Karun Nair Reaction: इंग्लैंड के खिलाफ खेली जाने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। इस दौरे के लिए टीम इंडिया में जहां मोहम्मद शमी और श्रेयस अय्यर जैसे खिलाड़ियों को मौका नहीं मिला है वहीं दूसरी ओर एक ऐसा धाकड़ बल्लेबाज है जिसकी सालों बाद टीम में एंट्री हो गई है। ये करुण नायर हैं जिन्होंने एक समय टेस्ट में तिहरा शतक जड़ा था। टीम में वापसी से वे काफी खुश नजर आ रहे हैं। उन्होंने इस पर रिएक्ट किया है।
करुण नायर को इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में चुना गया। 33 वर्षीय नायर ने भारत के लिए आखिरी बार 2017 में टेस्ट क्रिकेट खेला था। घरेलू क्रिकेट में उनके शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें 20 जून से शुरू होने वाले इंग्लैंड के 5 मैचों के टेस्ट दौरे के लिए 18 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया।
लंबे समय से इंतजार था- करुण नायर
टीम में वापसी पर खुशी जाहिर करते हुए नायर ने कहा, "बहुत शुक्रगुजार हूं कि वापसी कर सका। खुशकिस्मत हूं कि यह मौका मिला। मैं लंबे समय से इसका इंतजार कर रहा था। बहुत सारे बधाई संदेश मिले हैं।"करुण नायर भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक (303* रन) लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ इस ऐतिहासिक पारी के बावजूद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था। लेकिन लगातार घरेलू प्रदर्शन से उन्होंने फिर से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा।
दिल्ली को दिलाई जीत
दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज करुण नायर ने आईपीएल 2025 के आखिरी मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 27 गेंदों में 44 रन बनाकर टीम को 6 विकेट से जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दिल्ली ने 207 रनों के लक्ष्य को 19.3 ओवर में हासिल कर लिया।
