क्रिकेट

किसी को हक नहीं, आईपीएल 2026 में किस बात से परेशान हैं विराट कोहली?

IPL 2026: आईपीएल 2026 में लगातार बल्ले से धमाल मचा रहे विराट कोहली ने इस सीजन अपनी परेशानी के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि किसी को भी यह करने का हक नहीं है।

Image

विराट कोहली (RCB X)

IPL 2026: कोलकाता के खिलाफ आईपीएल के 57वें मुकाबले में विराट कोहली ने शतकीय पारी खेलकर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी थी। इस मुकाबले में विराट ने आईपीएल इतिहास का 9वां और टी20 करियर का 10वां शतक जड़ा। उन्होंने 60 गेंद में 11 चौके और 3 छक्के की मदद से नाबाद 105 रन की पारी खेली। वह टी20 में 10 शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बने। इतना ही नहीं उन्होंने इस पारी के दौरान टी20 करियर में 14,000 रन भी पूरे कर लिए। लेकिन इस पारी के बाद आरसीबी के साथ किए गए पॉडकास्ट में उन्होंने कुछ ऐसा कहा जिसकी चर्चा उनके शतक से ज्यादा हो रही है।

विराट ने इस बातचीत में मौजूदा वक्त में टीम के सोशल मीडिया पर ज्यादा एक्टिव रहने और हर इंसिडेंट को वहां शेयर करने पर सवाल उठाए हैं। दरअसल विराट ज्यादा अटेंशन से परेशान हो रहे हैं और उन्होंने खुलकर इस पर बात की है।

कैमरे से परेशान विराट कोहली

विराट ने उस कल्चर पर सवाल खड़े किए हैं, जिसके तहत खिलाड़ियों के हर गतिविधी को कैमरे में कैप्चर किया जा रहा है। उन्होंने कहा 'आप प्रैक्टिस के लिए जाते हैं और छह कैमरे आपका पीछा करते हैं। यह बिल्कुल भी ठीक नहीं है,” एक खिलाड़ी के तौर पर, आपको शांति से अपने खेल पर काम करने की क्षमता और स्वतंत्रता होनी चाहिए। अगर आप जो कुछ भी करते हैं, वह फिल्माने, दिखाने या विश्लेषण करने का मौका बनाया जा रहा है, तो इसका मतलब साफ है कि आप स्वाभाविक रुप से काम नहीं कर पा रहे हैं।

मैं अभ्यास में वो चीजें नहीं कर पाऊंगा जो मैं वास्तव में करना चाहता हूं क्योंकि मुझे पता है कि कल अगर कोई इसे फिल्माएगा और मेरे प्रैक्टिस पर चर्चा होगी। आप मुझे खेल के दौरान मेरे प्रदर्शन के आधार पर आंकते हैं, न कि तैयारी के दौरान। किसी को भी मेरी तैयारी, नेट में मेरे प्रयासों पर मुझे आंकने का अधिकार नहीं है।”

लोगों को पता हो क्या रिकॉर्ड करना है?

विराट यही नहीं रुके उन्होंने कहा कि लोगों को यह समझने की जरूरत है कि क्या रिकॉर्ड करना चाहिए और क्या नहीं। मैं खेल के दौरान प्रेशर को एंज्वॉय करता हूं, लेकिन इसके अलावा मैं कुछ और हैंडल नहीं कर सकता। विराट ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ हुए मैच का जिक्र किया। मैच के बाद जब वह केन विलियमसन से बातचीत कर रहे थे तो इस दौरान उनका वीडियो रिकॉर्ड किया गया, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर खूब हुई थी।

विराट पहले खिलाड़ी नहीं हैं, जिन्होंने इस पर सवाल उठाया है। इससे पहले भी रोहित और धोनी कैमरे से दूर रहने का प्रयास करते रहते हैं। धोनी ने इसको लेकर दीपर चाहर को भी रोका था। लेकिन आए दिन यह लगातार होते जा रहे हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article