ओडिशा के बालासोर में हुई ट्रेन दुर्घटना से पूरा देश सदमे में है। 233 लोगों से ज्यादा की जान जा चुकी है और घायलों की संख्या 900 से ज्यादा है। इस घटना लेकर भारतीय स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भी आहत हैं। उन्होंने ट्वीट कर इस घटना पर शोक जताया है। विराट ने अपने ट्वीट में लिखा 'ओडिशा में दर्दनाक ट्रेन हादसे के बारे में सुनकर दुख हुआ। मेरे विचार और प्रार्थनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया। मैं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
फिलहाल विराट कोहली लंदन में हैं जहां 7-11 जून के बीच टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलेगी। टीम इंडिया के पास 20 साल बाद ऑस्ट्रेलिया को आईसीसी इवेंट में पटखनी देने का सुनहरा मौका है। कोहली वर्तमान में शानदार लय में हैं और टीम को उनसे एक अच्छी पारी की उम्मीद होगी।
विराट कोहली अकेले ऐसे क्रिकेटर नहीं हैं जिन्होंने इस बड़े हादसे पर अपना दुख जताया है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और जाने-माने कॉमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने भी इस घटना पर दुख जताया है। आकाश चोपड़ा ने लिखा 'पीड़ित परिवार वालों के बारे में सुनकर कलेजा मुंह को आ रहा है। ओउम शांति।
शुक्रवार को हुई थी दुर्घटना
शुक्रवार की शाम बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस, शालीमार-चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी के बीच शुक्रवार की शाम भीषण टक्कर हो गई थी। इस भयानक ट्रेन हादसे में अब तक 233 लोगों की जान जा चुकी है जबकि करीब 900 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि, इस हादसे पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव फौरन उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। पिछले 28 साल में यह सबसे बड़ी ट्रेन दुर्घटना है।
