क्रिकेट

15 साल बाद विजय हजारे खेलेंगे किंग कोहली, चिन्नास्वामी में होंगे मैच

15 साल के लंबे अंतरात के बाद आखिरकार विराट कोहली विजय हजारे ट्रॉफी में खेलते नजर आएंगे। डीडीसीए ने इसकी जानकारी दी। हालांकि, वह कुछ मैच ही खेल पाएंगे, क्योंकि जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज भी है।

Image

विराट कोहली (साभार -BCCI)

विराट कोहली ने बीसीसीआई की घरेलू 50 ओवर की टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने की हामी भर दी है। उन्होंने डीडीसीए में खुद फोन करके अपनी उपलब्धता की बात बताई है। डीडीसीए के अध्यक्ष रोहन जेटली ने भी इसकी पुष्टी कर दी है। जेटली ने पीटीआई से कहा, ‘‘उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने के लिए अपनी उपलब्धता की पुष्टि कर दी है। वह कितने मैच खेलेंगे यह अभी स्पष्ट नहीं है। बेशक उनके होने से दिल्ली ड्रेसिंग रूम को बहुत बढ़ावा मिलेगा।’’

दिल्ली विजय हजारे ट्रॉफी में अपना अभियान 24 दिसंबर को बेंगलुरु में आंध्र के खिलाफ शुरू करेगा। प्रतियोगिता में टीम कुल छह मैच खेलेगी।

कोहली 15 साल के बाद विजय हजारे में खेलते नजर आएंगे। इससे पहले वह आखिरी बार साल 2010 में इस टूर्नामेंट में खेले थे। वह दिल्ली की ओर से खेलते नजर आएंगे। विजय हजारे ट्रॉफी इस बार 24 दिसंबर से 18 जनवरी के बीच खेले जाएंगे। रिपोर्ट की मानें तो विराट दो मैच खेल सकते हैं। ये दोनों मुकाबले बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। लेकिन फैंस के लिए बुरी खबर यह है कि उनकी एंट्री नहीं हो पाएगी। ये मुकाबले बिना दर्शक के होंगे।

शुरुआती कुछ मैच का हिस्सा होंगे विराट

जनवरी में टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैच की वनडे सीरीज खेलनी है। यही कारण है कि वह शुरुआती कुछ मैच ही खेल पाएंगे। न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैच की वनडे सीरीज 11 जनवरी से 18 जनवरी के बीच खेले जाएंगे। विराट का यह कदम बीसीसीआई के उस फैसले से प्रभावित है, जिसके तहत कांट्रैक्ट में शामिल सभी खिलाड़ियों को ऑफ सीजन में घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट खेलना अनिवार्य कर दिया गया था। विराट के लिए विजय हजारे खेलना इसलिए भी जरूरी है कि वह टी20 और टेस्ट छोड़ चुके हैं और अगर उन्हें वनडे वर्ल्ड कप 2027 टीम का हिस्सा बनना है तो घरेलू क्रिकेट में भी खेलते रहने पड़ेगा।

गजब के फॉर्म में हैं विराट

विराट कोहली वर्तमान में शानदार फॉर्म में हैं। हाल ही में उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे करियर का 52वां शतक जड़ा है। रांची में साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने 135 रन की शतकीय पारी खेली थी, जिसकी बदौलत टीम इंडिया ने 17 रन से जीत दर्ज की और 3 मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article