क्रिकेट

Virat Kohli Injury Update: टीम इंडिया के उपकप्तान ने बताया, चोटिल विराट कोहली की कब होगी मैदान में वापसी

टीम इंडिया के उपकप्तान शुभमन गिल ने बताया है कि इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के दूसरे मुकाबले में विराट कोहली खेलेंगे या नहीं। जानिए कैसा है विराट कोहली की चोट का हाल?

Image

विराट कोहली (साभार BCCI)

कटक: भारतीय उप कप्तान शुभमन गिल ने विराट कोहली की फिटनेस को लेकर चल रही आशंका को खारिज करते हुए कहा कि यह स्टार बल्लेबाज इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को कटक में खेले जाने वाले दूसरे एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में वापसी करेगा। कोहली अपने दाएं घुटने में सूजन के कारण पहले मैच में नहीं खेल पाए थे जिससे भारतीय टीम की चिंता बढ़ गई क्योंकि पाकिस्तान और दुबई में 19 फरवरी से शुरू होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारी को देखते हुए यह श्रृंखला काफी महत्वपूर्ण है।

गुरुवार को विराट के घुटने में थी सूजन

नागपुर में पहले वनडे में 87 रन बनाकर भारत की चार विकेट से जीत में अहम भूमिका निभाने वाले गिल ने डिजनी हॉटस्टार से कहा,'उनकी (कोहली) चोट गंभीर नहीं है। उन्होंने बुधवार को अच्छा अभ्यास किया था लेकिन गुरुवार की सुबह उनके घुटने में कुछ सूजन थी। वह निश्चित रूप से दूसरे वनडे में वापसी करेंगे।'

शतक पूरा करने पर नहीं था ध्यान

शीर्ष क्रम के इस बल्लेबाज ने कहा कि वह पहले वनडे में शतक को ध्यान में रखकर नहीं खेल रहे थे। उन्होंने कहा,'नहीं मैं अपने शतक के बारे में नहीं सोच रहा था। मैं क्षेत्ररक्षण की सजावट पर ध्यान केंद्रित कर रहा था और उसी के अनुरूप अपने शॉट खेल रहा था। मैं गेंदबाज पर हावी होने की कोशिश कर रहा था।'

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने में नहीं है कोई परेशानी

गिल वन डे में पारी की शुरुआत करते रहे हैं लेकिन उन्होंने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला में उन्हें तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने में कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने कहा,'मैं टेस्ट में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करता हूं इसलिए मुझे बहुत अधिक सामंजस्य नहीं बिठाना नहीं पड़ा। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करना बेहद चुनौती पूर्ण होता है क्योंकि आपको खेल की स्थिति के अनुसार खेलना होता है।'

गिल ने कहा,'अगर टीम ने जल्दी विकेट खो दिया हो तो फिर आपको संभल कर बल्लेबाजी करने होती है। अगर टीम को अच्छी शुरुआत मिली हो तो आपको उसे आगे बढ़ाना होता है। मैं मैच की स्थिति के अनुसार खेलता हूं।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article