बेंगलुरु: स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से अपना गहरा लगाव दिखाते हुए इस टी20 टूर्नामेंट में अपनी सफलता का श्रेय साथी खिलाड़ियों और प्रशंसकों को दिया। कोहली निजी कारणों से इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला में नहीं खेल रहे हैं लेकिन उनके आईपीएल में वापसी करने की संभावना है। उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) टूर्नामेंट के पहले मैच में 22 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स से भिड़ेगी।
आईपीएल से विराट को है गहरा लगाव
आरसीबी के पूर्व कप्तान ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा,'मुझे आईपीएल से गहरा लगाव है। इसमें आप कई नए खिलाड़ियों के साथ खेलते हो। कई ऐसे खिलाड़ियों के साथ खेलते हो जिन्हें आप लंबे समय से जानते हो और जो आपके देश से नहीं है जिनसे आप अक्सर नहीं मिलते हो। यही वजह है कि हर किसी का आईपीएल से लगाव है क्योंकि इसमें खिलाड़ियों और प्रशंसकों का गहरा जुड़ाव है।'
बेटे के जन्म की वजह से रहे टेस्ट सीरीज से दूर
विराट की पत्नी अनुष्का ने बेटे अकाय को 15 फरवरी को लंदन में जन्म दिया। विराट इसी वजह से सीरीज में नहीं खेले थे। विराट कोहली अपने करियर में पहली बार किसी टेस्ट सीरीज में एक भी टेस्ट मैच नहीं खेले। साल 2012 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू के बाद ऐसा कभी नहीं हुआ कि विराट को सीरीज में एक भी मैच खेलने का मौका ना मिला हो। ऐसे में विराट की वापसी की बाट प्रशंसक जोह रहे हैं। आईपीएल का आगाज 22 मार्च को सीएसके और आरसीबी के बीच मुकाबले के साथ होने जा रहा है। आईपीएल 2024 में विराट खेलेंगे या नहीं इसपर भी सवाल हैं। हालांकि उनके आईपीएल में खेलने की पूरी संभावना है लेकिन वो कब मैदान पर वापसी करेंगे इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी किसी के पास नहीं है।
