दुबई: टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज और किंग ऑफ चेज के नाम से विख्यात विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के अहम मुकाबले के दौरान एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। जैसे ही विराट कोहली ने अपनी पारी में 15 रन के आंकड़े को पार किया वो वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज गति से 14 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। विराट ने हारिस रऊफ की गेंद पर कवर की दिशा में शानदार चौका जड़कर अपने 14 हजार रन पूरे किए।
बड़े अंतर से तोड़ा सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड
विराट से पहले ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज था। विराट ने सचिन तेंदुलकर को इस मुकाम पर पहुंचने के लिए 359 मैच की 350 पारियां खेलनी पड़ी थीं। वहीं विराट कोहली को इसके लिए 299 मैच की 287 पारियां खेलनी पड़ी। इस लिहाज से देखें तो विराट ने सचिन तेंदुलकर 53 पारियों के बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया।
बने वनडे इतिहास के तीसरे 14 हजारी
विराट कोहली वनडे क्रिकेट इतिहास में 14 हजार रन के आंकड़े को पार करने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज हैं। सचिन तेंदुलकर इस मुकाम पर पहुंचने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। इसके बाद श्रीलंकाई दिग्गज कुमार संगकारा ने करियर के 402वें मैच की 372वीं पारी में ये उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बने थे।
ऐसी है विराट का वनडे रिकॉर्ड
वनडे क्रिकेट इतिहास के सबसे महान बल्लेबाज माने जाने वाले विराट कोहली ने करियर में अबतक खेले 299 मैच की 287 पारियों में 14002* रन (खबर लिखे जाने तक) बना लिए हैं। उन्होंने ये रन 57.90 के औसत और 93.40 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। इसमें 50 शतक और 73 अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं। वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में विराट सचिन तेंदुलकर (18,426) और कुमार संगकारा (14,234) के बाद तीसरे स्थान पर हैं।
