Varun Chakravarthy Player of the Series: भारत के स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने इंग्लैंड के बल्लेबाजों को पांच मैच की टी20 सीरीज में फिरकी में फंसाकर सफलता का नया इतिहास रच दिया है। वरुण द्विपक्षीय टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले ये रिकॉर्ड उनके ही नाम दर्ज था। उन्होंने पिछले साल दक्षिण अफ्रीका दौरे पर 4 मैच में 12 विकेट अपने नाम किए थे और एक सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट का नया रिकॉर्ड अपने नाम किया था। इस रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन के लिए वरुण चक्रवर्ती को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। चक्रवर्ती अपने करियर में पहली बार प्लेयर ऑफ द सीरीज अवार्ड अपने नाम करने में सफल हुए हैं।
10 से कम के औसत से चटकाए 14 विकेट
वरुण चक्रवर्ती ने सीरीज में 5 मैच की पांच पारियों में 9.85 के औसत और 7.66 की इकोनॉमी के साथ सबसे ज्यादा 14 विकेट अपने नाम किए। चक्रवर्ती सीरीज के सबसे सफल गेंदबाज रहे। चक्रवर्ती के अलावा सीरीज में और कोई गेंदबाज विकेटों के मामले में दो अंक के आंकड़े को नहीं छू सका। इंग्लैंड के बायडन कार्स सीरीज के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 मैच में 9 विकेट अपने नाम किए। भारत के लिए सीरीज में दूसरे सबसे सफल गेंदबाज उपकप्तान अक्षर पटेल रहे। अक्षर ने 5 मैच की 4 पारियों में 6 विकेट अपने नाम किए।
तीसरे पायदान पर हैं अश्विन और बिश्नोई
द्विपक्षीय सीरीज में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट चटकाने के मामले में तीसरे पायदान पर रविचंद्रन अश्विन और रवि बिश्नोई हैं। दोनों ने एक सीरीज में 9-9 विकेट अपने नाम किए थे। अश्विन ने ये कारनामा श्रीलंका के खिलाफ साल 2016 में तीन मैच की सीरीज में किया था। वहीं बिश्नोई ने साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैच की सीरीज में 9 विकेट अपने नाम किए थे।
