क्रिकेट

भारतीय महिलाओं से सजी USA की टीम ने किया कमाल, लगातार तीसरी बार U-19 वर्ल्ड कप में बनाई जगह

U-19 Women's T20 World Cup: USA की इस जीत के पीछे सबसे बड़ा नाम रहा माहेक देसाई का। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 16 विकेट लिए। घातक गेंदबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया। सान्वी इम्मादी ने भी अहम मौकों पर विकेट निकालकर टीम की मदद की।

Image

USA ने लगातार तीसरी बार किया वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई(फोटो साभार- ICC)

U-19 Women's T20 World Cup: USA की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम ने एक बार फिर कमाल कर दिखाया। केमैन आइलैंड्स में हुए 2026 ICC अंडर-19 महिला T20 वर्ल्ड कप अमेरिकाज क्वालीफायर में टीम ने एक भी मैच नहीं हारा और लगातार तीसरी बार वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर लिया। चेतना पग्यदयाला की कप्तानी में खेल रही USA टीम ने टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम रखा। इस दौरान टीम ने 6 मैच खेले और इसमें से सभी 6 मैच जीते और अपने सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी कनाडा से 6 पॉइंट आगे रहकर खिताब अपने नाम किया।

शुरुआत से अंत तक एकतरफा

जिमी पॉवेल ओवल मैदान पर खेले गए टूर्नामेंट के पहले ही दिन USA ने कनाडा को 8 विकेट से धो दिया। पहले गेंदबाजी करते हुए माहेक देसाई और सान्वी इम्मादी ने 3-3 विकेट लेकर कनाडा को 65/7 पर रोक दिया। इसके बाद बल्लेबाजों ने 11 ओवर के अंदर ही मैच खत्म कर दिया। आखिरी दिन भी कहानी वही रही। USA ने कनाडा को फिर हराया। इसके अलावा टीम ने यूएसए ने अर्जेंटीना और नेक्स्ट जेन XI के खिलाफ भी दो-दो मैचों में जीत दर्ज की। बता दें कि नेक्स्ट जेन XI अमेरिकी क्षेत्र के अन्य देशों के खिलाड़ियों से बनी टीम है।

माहेक देसाई बनीं टूर्नामेंट की जान

USA की इस जीत के पीछे सबसे बड़ा नाम रहा माहेक देसाई का। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 16 विकेट लिए। घातक गेंदबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया। सान्वी इम्मादी ने भी अहम मौकों पर विकेट निकालकर टीम की मदद की। कप्तान चेतना पग्यदयाला खुद 2025 के U19 वर्ल्ड कप और सीनियर टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। उनके अनुभव का फायदा पूरी टीम को मिला। चेतना का लक्ष्य अब 2025 की टीम से भी बेहतर करना है। पिछली बार मलेशिया में USA की टीम ने सुपर सिक्स तक का सफर तय किया था। उन्होंने न्यूजीलैंड जैसी टीम को 97 रन पर रोक दिया था, लेकिन 18 रन से मैच हाथ से निकल गया था।

अब नजरें 2027 पर

USA के साथ समोआ ने ईस्ट एशिया पैसिफिक और UAE ने एशिया से 2027 वर्ल्ड कप का टिकट कटा लिया है। अफ्रीका और यूरोप के क्वालीफायर अभी बाकी हैं। लगातार तीसरी बार क्वालीफाई करना USA महिला क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे साफ है कि अमेरिका में महिला क्रिकेट तेजी से बढ़ रहा है। अब टीम की नजरें 2027 के मुख्य टूर्नामेंट पर होंगी, जहां वो पिछली बार से एक कदम आगे जाकर सेमीफाइनल में जगह बनाने का सपना देखेगी।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article