क्रिकेट

UAE vs OMAN Highlights: ओमान को हराकर यूएई ने खोला एशिया कप में जीत का खाता

UAE vs OMAN Highlights: यूएई ने एशिया कप में जीत का स्वाद चख लिया। सोमवार को खेले गए 7वें मुकाबले में उसने ओमान की टीम को 42 रन से हरा दिया। यूएई की इस जीत ने पाकिस्तान की टेंशन बढ़ा दी है। अब यूएई को अपना आखिरी मुकाबला पाकिस्तान से खेलना है। जीतने वाली टीम सुपर फोर में टीम इंडिया को ज्वाइन करेगी।

Image

यूएई और ओमान (साभार-ACC X)

UAE vs OMAN Highlights: एशिया कप के 7वें मुकाबले में ओमान को हराकर यूएई ने अपनी पहली जीत दर्ज कर ली। ओमान के सामने 173 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य था, लेकिन यूएई के गेंदबाजों के सामने पूरी टीम 18.4 ओवर में केवल 130 रन बनाकर ढेर हो गई। यूएई की ओर से जुनैद सिद्दीकी ने 4 और हैदर अली ने 2 विकेट चटकाए, जबकि ओमान की ओर से आर्यन बिष्ट ने सर्वाधिक 24 जबकि कप्तान जतिंदर सिंह ने 20 रन की पारी खेली।

इससे पहले ओमान के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। यूएई ने कप्तान मोहम्मद वसीम और सलामी बल्लेबाज अलीशान शराफू की अर्धशतकीय पारी के दम पर पांच विकेट के नुकसान पर 172 रन बनाए। वसीम ने 54 गेंद में 69 रन जबकि शराफू ने 38 गेंद में 51 रन की पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी की। दोनों ने पावरप्ले में ही 50 रन बना लिए थे। ओमान के लिये बायें हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज जितेन रामानंदी ने चार ओवर में 24 रन देकर दो विकेट लिये। दोनों टीमों के लिए यह एशिया कप 2025 में दूसरा मुकाबला था। ओमान को पहले मैच में पाकिस्तान ने और यूएई को भारत ने हराया था।

सुपर-फोर की उम्मीद जिंदा

ओमान के खिलाफ इस जीत के बाद यूएई के सुपर-फोर में पहुंचने की उम्मीद जिंदा है। अब उसे अपना आखिरी मुकाबला पाकिस्तान के साथ खेलना है। यह मुकाबला वर्चुअल नॉकआउट हो गया है। जीतने वाली टीम सुपर फोर में क्वालीफाई कर जाएगी, जबकि हारने वाली टीम का सफर एशिया कप में खत्म हो जाएगा। इतना ही नहीं इस मुकाबले के बाद टीम इंडिया आधिकारिक तौर पर सुपर-फोर में पहुंच गई है, जबकि ओमान की टीम का सफर खत्म हो गया है।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article