क्रिकेट

U19 World Cup 2026: टीम इंडिया का हुआ ऐलान आयुष म्हात्रे संभालेंगे कमान, दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए वैभव सूर्यवंशी होंगे कप्तान

जिंबाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में आयोजित होने जा रहे अंडर-19 विश्व कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। आयुष म्हात्रे को टीम को कप्तान बनाया गया है। वैभव सूर्यवंशी को भी दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।

Image

भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट ACC X)

मुंबई: आयुष म्हात्रे को 15 जनवरी से छह फरवरी तक जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले अंडर-19 विश्व कप के लिए शनिवार को 15 सदस्यीय भारतीय टीम का कप्तान नियुक्त किया गया। हालांकि कलाई में चोट के कारण म्हात्रे और विहान मल्होत्रा विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली तीन मैच की एकदिवसीय श्रृंखला में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। उनकी अनुपस्थिति में उभरते हुए बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी दक्षिण अफ्रीका दौरे पर भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। इस दौरे पर मैच तीन, पांच और सात जनवरी को बेनोनी में खेले जाएंगे। आरोन जॉर्ज को उपकप्तान बनाया गया है।

सेंटर ऑफ एक्सिलेंस जाएंगे म्हात्रे और मल्होत्रा

म्हात्रे और मल्होत्रा अपनी चोटों के उपचार और प्रबंधन के लिए बेंगलुरु स्थित ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में रिपोर्ट करेंगे जिसके बाद वे भारतीय टीम से जुड़ेंगे। सूर्यवंशी और जॉर्ज को भी अंडर-19 विश्व कप टीम में शामिल किया गया है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक बयान में कहा,'आयुष म्हात्रे और विहान मल्होत्रा को कलाई में चोट लगी है और वे दक्षिण अफ्रीका दौरे से बाहर रहेंगे। दोनों खिलाड़ी अपनी चोटों के आगे के प्रबंधन के लिए बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करेंगे और इसके बाद आईसीसी पुरुष अंडर-19 विश्व कप के लिए टीम से जुड़ेंगे।'

भारत को मिली है ग्रुप बी में जगह

आईसीसी पुरुष अंडर-19 विश्व कप के आगामी चरण में 16 टीमें हिस्सा लेंगी जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है। इसके बाद सुपर सिक्स चरण, सेमीफाइनल और फाइनल हरारे में खेले जाएंगे। पांच बार की चैंपियन भारत (2000, 2008, 2012, 2018 और 2022) को ग्रुप बी में न्यूजीलैंड, अमेरिका और बांग्लादेश के साथ रखा गया है। भारत अपने अभियान की शुरुआत 15 जनवरी को बुलावायो में क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में अमेरिका के खिलाफ करेगा। इसके बाद 17 जनवरी को इसी मैदान पर बांग्लादेश से और 24 जनवरी को न्यूजीलैंड से मुकाबला होगा।

टीमें इस प्रकार हैं:

दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय टीम :(India U19 Squad for South Africa Tour)

वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), आरोन जॉर्ज (उपकप्तान), वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश सिंह (विकेटकीपर), आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान ए पटेल, मोहम्मद इनान, हेनिल पटेल, डी दीपेश, किशन कुमार सिंह, उद्धव मोहन, युवराज गोहिल, राहुल कुमार।

अंडर-19 विश्व कप के लिए भारतीय टीम :(India Squad for U19World Cup 2026)

आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा (उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, आरोन जॉर्ज, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश सिंह (विकेटकीपर), आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान ए पटेल, मोहम्मद इनान, हेनिल पटेल, डी दीपेश, किशन कुमार सिंह, उद्धव मोहन।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article