क्रिकेट

U19 World Cup 2024 Final: भारतीय कप्तान उदय सहारण ने किसके सिर पर फोड़ा फाइनल में हार का ठीकरा? बताया कहां हुई चूक

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 11, 2024, 10:23 PM IST

अंडर-19 विश्व कप 2024 के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का ठीकरा कप्तान उदय सहारण ने बल्लेबाजों के सिर पर फोड़ा है। जानिए उन्होंने खिताबी मुकाबले में करारी हार के बाद क्या कहा?

Image

उदय सहारण

बिनोनी: उदय सहारण की कप्तानी वाली भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम छठी बार विश्व चैंपियन बनने से 79 रन दूर रह गई। जीत के लिए मिले 254 रन के लक्ष्य को भारतीय टीम हासिल नहीं कर सकी। ऑस्ट्रेलिया के कहर परपाते पेस अटैक के सामने भारतीय टीम 43.5 ओवर में 174 रन बनाकर ढेर हो गई। इसी के साथ ही उसका रिकॉर्ड छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड चैंपियन बनने का सपना टूट गया।

टीम ने दिखाया लड़ने का जज्बा

फाइनल मुकाबले में हार के बाद टीम इंडिया के कप्तान उदय सहारण ने अपनी टीम के टूर्नामेंट में प्रदर्शन को शानदार बताते हुए कहा, हमारे लिए टूर्नामेंट अच्छा रहा। मुझे अपनी टीम के खिलाड़ियों पर गर्व है। सभी टूर्नामेंट में अच्छा खेले। शुरुआत से अंत तक लड़ने का जज्बा दिखाया।

हमने खराब शॉट खेले और योजना पर नहीं कर पाए अमल

उन्होंने फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजी आक्रमण से पार नहीं पाने के बारे में कहा, हमने खराब शॉट्स उनके खिलाफ खेले और विकेट पर ज्यादा समय नहीं बिता पाए। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का सामना करने के लिए हम तैयार थे लेकिन अपनी योजनाओं पर अमल नहीं कर पाए। मुझे लगता है कि यही गलती भारी पड़ गई।

विश्व कप में मिली बहुत सी सीख

विश्व कप से मिली सीख के बारे में सहारण ने कहा, टूर्नामेंट की शुरुआत से लेकर अबतक हमें बहुत कुछ सीखने को मिला है। हमने अपने सपोर्ट स्टाफ से भी बहुत कुछ सीखा है। ऐसे ही हमें सीखते जाना है और आगे बढ़ते जाना है।

टीम इंडिया अजेय रहते हुए पहुंची थी फाइनल

भारतीय टीम अंडर-19 वर्ल्ड कप में अजेय रहते हुए फाइनल में पहुंची थी। टीम इंडिया के बल्लेबाज और गेंदबाज फॉर्म में थे लेकिन रविवार को खिताबी मुकाबले में अपने रंग में नजर नहीं आए। इसका खामियाजा टीम को हार के रूप में भुगतना पड़ा।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article