क्रिकेट

ये हैरान करने वाली बात है... रोहित और विराट के संन्यास पर क्या बोले अनिल कुंबले, एक मांग भी कर डाली

Anil Kumble On Rohit Sharma And Virat Kohli Retirement: रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने के कुछ ही दिन बाद विराट कोहली के भी सबसे लंबे प्रारूप से रिटायर हो जाने से पूर्व महान भारतीय क्रिकेटर व कप्तान अनिल कुंबले हैरान हैं। उन्होंने इसको लेकर क्या प्रतिक्रिया दी और क्या मांग कर डाली है, यहां जानिए।

Image

अनिल कुंबले

Photo : PTI

इंग्लैंड दौरे से ठीक पहले विराट कोहली (Virat Kohli) और रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के खामोशी से टेस्ट क्रिकेट से विदा लेने पर भारत के पूर्व कप्तान और महान स्पिनर अनिल कुंबले (Anil Kumble) को हैरानी हुई है जिनका मानना है कि इन दोनों सीनियर बल्लेबाजों को मैदान पर विदाई मिलनी चाहिये थी। कोहली ने सोमवार को टेस्ट क्रिकेट से विदा ली जिन्होंने 123 मैचों में 46 . 85 की औसत से 30 शतक समेत 9230 रन बनाये। इससे पहले पिछले बृहस्पतिवार को रोहित ने पारंपरिक प्रारूप को अलविदा कहा था।

कुंबले ने ‘ईएसपीएन क्रिकइन्फो’ से कहा, "यह बड़ी हैरानी की बात है । दो महान खिलाड़ी कुछ दिन के अंतर पर ही विदा हो गए । मुझे ऐसा लगा नहीं था । मैं हैरान रह गया हूं । मुझे लगा था कि अभी तक कुछ साल और टेस्ट क्रिकेट खेल सकता है।" उन्होंने कहा, "अब वह सिर्फ एक दिवसीय प्रारूप खेलेगा । कोई खिलाड़ी खेद के साथ नहीं जाता और मुझे यकीन है कि उसने इस पर काफी विचार किया होगा । आखिर में यह उसका फैसला है।"

भारत के लिये सर्वाधिक 619 टेस्ट विकेट लेने वाले कुंबले ने कहा कि इस दर्जे के खिलाड़ियों को प्रशंसकों के सामने विदा लेने का मौका मिलना चाहिये। उन्होंने कहा, "ये काफी खामोशी से चले गए । हर खिलाड़ी को अपने हिसाब से विदा लेनी चाहिये लेकिन मैदान पर से । आर अश्विन के संन्यास के समय भी हमने यह बात कही थी । श्रृंखला के बीच में उसने संन्यास का ऐलान किया और आस्ट्रेलिया से भारत लौट आया।"

उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि इन तीनों (रोहित, विराट और अश्विन) को मैदान से विदाई देनी चाहिये थी । मेरा मानना है कि अधिकारियों को इस पर सोचना चाहिये । मुझे पता है कि यह सोशल मीडिया का जमाना है और प्रशंसक अपने सामने उन्हें विदा होते देखना चाहते होंगे।"

कठिन होगा इंग्लैंड का दौरा

भारतीय टीम को 20 जून से इंग्लैंड का पांच टेस्ट का दौरा करना है और कुंबले ने कहा कि कोहली इस चुनौतीपूर्ण दौरे पर अहम भूमिका निभा सकते थे। उन्होंने कहा , "रोहित संन्यास ले चुका है और काफी समय कप्तान रहा । विराट भारत का सबसे सफल टेस्ट कप्तान रहा है और इन दोनों में से एक को उस दौरे पर रहना चाहिये था। इंग्लैंड दौरा कठिन होगा।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article