रविवार को अहमदाबाद में हुई इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की बैठक में कई बड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इसमें विमेंस क्रिकेट को आगे बढ़ाने से लेकर वैश्विक स्तर पर क्रिकेट का विस्तार करने और उनके प्रचार-प्रसार पर बल दिया गया। इस दौरान आईसीसी बोर्ड ने मुख्य कार्यकारी समिति की कई सिफारिशों को मंजूरी भी दी। कुछ जरूरी फैसलों के बारे में जानते हैं।
नियम
अब टेस्ट क्रिकेट में खराब रोशनी की स्थिति में गुलाबी और लाल गेंदों का इस्तेमाल एक ही मैच में किया जा सकेगा। हालांकि, इसके लिए मैच से पहले दोनों कप्तानों की रजामंदी लेनी होगी। इसके अलावा संदिग्ध एक्शन वाले गेंदबाजों की जांच बिना किसी देरी के की जा सकेगी। इसले लिए मैच ऑफिशियल हॉकआई तकनीक का इस्तेमाल कर पाएंगे।
इसके अलावा अब टी20 की तर्ज पर वनडे में भी पारी के बीच में कोच को मैदान के भीतर जाने की अनुमति होगी। टी20 क्रिकेट में इनिंग ब्रेक अब 15 मिनट का होगा। ये सभी नियम अक्टूबर 2026 से लागू हो जाएंगे।
2. विमेंस क्रिकेट से जुड़े फैसले
इसके तहत 2027 विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी के विंडो में बदलाव किया गया। अब यह जून-जुलाई के बदले 14-28 फरवरी के बीच खेला जाएगा।
विमेंस इमर्जिंग नेशन ट्रॉफी 10 टीमों के बीच खेला जाएगा। इसमें 5 फुलमेंबर टीम होगी जबकि बाकी 5 टीम एसोसिएट नेशन की होगी। इसका निर्णय रैंकिग के आधार पर किया जा सकेगा। 2028 टी20 वर्ल्ड कप में क्वालीफिकेशन प्रोसेस को मंजूरी दे दी। यह वर्ल्ड कप पाकिस्तान आयोजित करेगा और भारतीय टीम अपने सभी मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर खेलेगी।
12 टीमों के बीच होगा 2028 टी20 वर्ल्ड कप
2028 का टी20 वर्ल्ड कप 12 टीमों के बीच खेला जाएगा। 10 टीमों को स्वत: क्वालीफिकेशन मिलेगा जिसमें टॉप-8 टीम भी शामिल है। अगर तय समय तक क्वालीफिकेशन नहीं हो पाए तो 6 जुलाई 2026 की रैंकिंग को कंसिडर करते हुए क्वालीफिकेशन मिलेगा। 10 टीमों के अलावा जो बाकी दो टीम होगी, उसका फैसला ग्लोबर क्वालीफायर के जरिए होगा।
एसोसिएट मेंबर-
ICC मेंस T20 विश्व कप के लिए 16 टीमों वाला ग्लोबल क्वालिफायर आयोजित करने की योजना है। ICC प्रबंधन (Management) को टूर्नामेंट स्ट्रक्चर और क्वालिफिकेशन प्रक्रिया को अंतिम रूप देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसमें यह तय किया जाएगा कि विभिन्न क्षेत्रों (Regions) को कितने स्थान मिलेंगे और टीमें किस प्रकार क्वालिफाई करेंगी। प्रस्ताव को ICC की अगली बैठकों में संबंधित समितियों के सामने विचार-विमर्श और मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा।
4. कनाडा क्रिकेट टीम की एसोसिएट मेंबरशिप तत्काल खत्म कर दी गई है। यह फैसला मेंबरशिप उल्लंघन के बाद लिया गया है। बांग्लादेश और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की निगरानी- ICC बांग्लादेश और श्रीलंका दोनों देशों में क्रिकेट प्रशासन से जुड़े मामलों पर करीबी नजर रख रहा है तथा स्थानीय बोर्डों और संबंधित पक्षों के साथ मिलकर इसका मूल्यांकन कर रहा है।
फ्रेंचाइजी क्रिकेट पर सख्ती
इसके अलावा बोर्ड मीटिंग में फ्रेंचाइजी क्रिकेट पर सख्ती की बात कही गई। इस विषय का आकलन करने के लिए एक समिति गठित करने का निर्णय लिया। यह समिति मौजूदा ढांचे के भीतर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर और फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट के बीच बेहतर तालमेल (संतुलन) स्थापित करने के लिए कदम उठाएगी।
इस मौके पर आईसीसी चीफ जय शाह ने कहा "अहमदाबाद में हुई हमारी चर्चाओं ने सुशासन, प्रभावी प्रशासन और विश्वभर में क्रिकेट के विकास के प्रति ICC की प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है। आज की चर्चाओं और लिए गए निर्णयों का उद्देश्य दुनिया भर के प्रशंसकों के लिए यह सुनिश्चित करना रहा जिससे क्रिकेट, निष्पक्ष, प्रतिस्पर्धी और रोमांचक बना रहे।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
