टीम इंडिया रोहित शर्मा की अगुआई में एशिया कप खेलने श्रीलंका पहुंच गई है। एशिया कप का 16वां एडिशन पाकिस्तान और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जा रहा है। 30 अगस्त से 17 सितंबर के बीच कुछ 13 मुकाबले होंगे, जिसमें से 4 मुकाबला पाकिस्तान में जबकि 9 मुकाबला श्रीलंका में खेला जाएगा। टीम इंडिया अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगी, जिसके लिए वह श्रीलंका पहुंच गई है। टीम 2 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ अपने एशिया कप अभियान की शुरुआत करेगी।
BCCI ने शेयर किया वीडियो
BCCI ने टीम इंडिया के श्रीलंका पहुंचने का वीडियो हेलो श्रीलंका टैग के साथ सोशल मीडिया पर साझा किया है। इस वीडियो में कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और शुभमन गिल सहित तमाम क्रिकेटरों को एअरपोर्ट से बाहर निकलते देखा जा सकता है। श्रीलंका में भी फैंस के बीच टीम इंडिया की दीवानगी साफ देखी जा सकती है। सभी फैन अपने पसंदीदा क्रिकेटर के साथ एक सेल्फी लेने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं। इसके अलावा इस वीडियो में होटल के बाहर टीम इंडिया का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया जा रहा है।
श्रेयस अय्यर और जसप्रीत बुमराह पर नजर वर्ल्ड कप से पहले एशिया कप टीम इंडिया के लिए काफी अहम है। इस टूर्नामेंट में वनडे क्रिकेट में जसप्रीत बुमराह और श्रेयस अय्यर लंबे वक्त बाद वापसी कर रहे हैं। ऐसे में टीम इंडिया के लिए जरूरी है कि दोनों खिलाड़ी यहां अच्छा प्रदर्शन करें। हालांकि, आयरलैंड दौरे पर जसप्रीत बुमराह ने टी20 में दिखा दिया है कि वह अपने पुराने रंग में लौट गए हैं, लेकिन वनडे क्रिकेट में उनका टेस्ट अभी बाकी है।
