क्रिकेट

IND vs ENG: शुभमन गिल के नेतृत्व में 5 टेस्ट मैच की सीरीज के लिए इंग्लैंड पहुंची टीम इंडिया (वीडियो)

IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैच की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए टीम इंडिया शुभमन गिल के नेतृत्व में इंग्लैंड पहुंच गई है। 5 मैच की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 20 जून से लीड्स में खेला जाएगा जबकि आखिरी मुकाबला ओवल में 4 अगस्त से खेला जाएगा।

Image

भारत और इंग्लैंड टेस्ट सीरीज (साभार-X)

IND vs ENG: भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड के खिलाफ इस महीने के आखिर में शुरू होने वाली पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला के लिए ब्रिटेन पहुंच गई है।

यह श्रृंखला 2025-27 आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप चक्र का हिस्सा है। भारतीय टीम शुक्रवार की रात को मुंबई से ब्रिटेन के लिए रवाना हुई थी। नवनियुक्त कप्तान शुभमन गिल भारतीय टीम की अगुआई करेंगे, जो रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों के हाल ही में संन्यास लेने के बाद एक नए युग की शुरुआत होगी।

कई भारतीय खिलाड़ी भारत ए टीम के हिस्से के रूप में पहले ही इंग्लैंड पहुंच चुके हैं। भारत ए अभी इंग्लैंड लायंस के खिलाफ तीन मैचों की अनधिकृत टेस्ट श्रृंखला में भाग ले रही है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा एक्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किए गए साई सुदर्शन ने कहा, ‘‘भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा बनकर अच्छा लग रहा है विशेषकर टेस्ट श्रृंखला के लिए। ब्रिटेन में आपका स्वागत है।’’ बीसीसीआई ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, "यूके पहुंच गए हैं। टीम इंडिया इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए पहुंच गई है।"

बीसीसीआई के 'एक्स' हैंडल पर पोस्ट किए गए वीडियो में यूके पहुंचकर भारतीय खिलाड़ी काफी कूल नजर आ रहे हैं। इंग्लैंड की परिस्थितियों में लंबे दौरे के लिए टीम पूरी तरह से तैयार और उत्साहित दिख रही है।

पहला टेस्ट 20 जून से लीड्स में खेला जाएगा। इसके बाद बर्मिंघम (2-6 जुलाई), लॉर्ड्स (10-14 जुलाई), मैनचेस्टर (23-27 जुलाई) और ओवल (4-8 अगस्त) में मैच खेले जाएंगे। इस सीरीज के लिए दोनों टीमों ने अपने-अपने स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है।

भारत की टीम

  • कप्तान: शुभमन गिल
  • उप-कप्तान: ऋषभ पंत
  • बल्लेबाज: अभिमन्यु ईश्वरन, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, करुण नायर, केएल राहुल, साई सुदर्शन
  • हरफनमौला खिलाड़ी: रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर
  • गेंदबाज: आकाश दीप, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, शार्दुल ठाकुर
इंग्लैंड की टीम
  • कप्तान: बेन स्टोक्स
  • बल्लेबाज: जो रूट, ज़ैक क्रॉली, ओली पोप, हैरी ब्रूक, बेन डकेट
  • हरफनमौला खिलाड़ी: जैकब बेथल, जेमी ओवरटन, ब्राइडन कार्स, क्रिस वोक्स
  • विकेटकीपर: जेमी स्मिथ
  • गेंदबाज: शोएब बशीर, सैम कुक, जोश टंग
इंग्लैंड में इस टेस्ट सीरीज के साथ टीम इंडिया विश्व टेस्ट चैंपियनशिप-2025-27 के अपने नए असाइनमेंट की शुरुआत करने जा रही है। भारत का लक्ष्य 2007 के बाद पहली बार इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज जीतना है।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुर author

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटब... और देखें

End of Article