क्रिकेट

IND vs SA: दूसरे वनडे के बीच आईसीसी ने की हर्षित राणा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, जानिए क्या है वजह

आईसीसी ने टीम इंडिया के तेज गेंदबाज हर्षित राणा के खिलाफ रायपुर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जा रहे सीरीज के दूसरे वनडे के बीच कड़ी कार्रवाई की है। जानिए क्या है पूरा मामला?

Image

हर्षित राणा और तिलक वर्मा

Photo : AP

दुबई: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बुधवार को भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा को फटकार लगाई और रांची में पहले एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस को आउट करने के बाद उनके आक्रामक बर्ताव के लिए एक डिमेरिट अंक उनके खाते में जोड़ दिया। आईसीसी ने एक बयान में कहा,'राणा को आईसीसी की आचार संहिता के लेवल एक के उल्लंघन का दोषी पाया गया।'

डेवाल्ड ब्रेविस को किया था ड्रेसिंग रूम जाने का इशारा

यह घटना रविवार को दक्षिण अफ्रीका की पारी के 22वें ओवर में हुई जब भारत के तेज गेंदबाज ने ब्रेविस को आउट करने के बाद ड्रेसिंग रूम की तरफ इशारा किया जिससे बल्लेबाज आक्रामक प्रतिक्रिया दे सकता था। राणा को खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया जो अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान बल्लेबाज के आउट होने पर उसका अपमान करने वाली भाषा, एक्शन या इशारे करने या आक्रामक प्रतिक्रिया देने से जुड़ा है। आईसीसी के बयान में कहा गया,'इसके अलावा राणा के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है और उनकी यह 24 महीने के समय में पहली गलती थी।'

24 महीने तक रहते हैं डिमैरिट अंक

राणा ने मैच में 65 रन देकर तीन विकेट लिए जिसकी बदौलत भारत ने 17 रन से जीत दर्ज कर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली। लेवल एक के उल्लंघन पर कम से कम आधिकारिक फटकार और अधिकतम खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना और एक या दो डिमेरिट अंक दिए जाते हैं। अगर कोई खिलाड़ी 24 महीने के समय में चार या उससे ज्यादा डिमेरिट अंक तक पहुंच जाता है तो उन्हें निलंबन अंक में बदल दिया जाता है। दो निलंबन अंक का मतलब है एक टेस्ट या दो वनडे या दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से प्रतिबंध। खिलाड़ी जो भी मैच पहले खेलता है, यह उस पर लागू होता है। डिमेरिट अंक खिलाड़ी के रिकॉर्ड में 24 महीने तक रहते हैं।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article