T20 World Cup: आईपीएल 2024 का फाइनल मुकाबला 26 मई को खेला जाएगा, लेकिन इससे ठीक एक दिन पहले भारतीय क्रिकेट टीम की पहली खेप टी20 वर्ल्ड कप के लिए न्यूयार्क रवाना हो जाएगी। इसमें भारत के अधिकांश क्रिकेटर और सहयोगी स्टाफ शामिल होंगे जो 25 मई को न्यूयॉर्क के लिए रवाना हो जाएंगे जबकि बाकी 26 मई को आईपीएल फाइनल के बाद जायेंगे। इससे पहले आईपीएल प्लेआफ के लिये क्वालीफाई नहीं कर सकी टीमों के सदस्यों को 21 मई को रवाना होना था लेकिन बाद में योजना में बदलाव हुआ। अब वे 25 मई को रवाना होंगे।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया ,‘‘ रोहित शर्मा, हार्दिक पंड्या, सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह, ऋषभ पंत, अर्शदीप सिंह , अक्षर पटेल और सहयोगी स्टाफ 25 मई को रवाना होगा।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ पहले जत्थे को 21 मई को जाना था लेकिन भारतीय टीम एकमात्र अभ्यास मैच (एक जून को बांग्लादेश के खिलाफ) खेल रही है तो खिलाड़ियों को घर पर कुछ अतिरिक्त समय मिल जायेगा।’’ आईपीएल फाइनल खेलने वाले खिलाड़ी 27 मई को रवाना होंगे। भारत को पहला मैच पांच जून को आयरलैंड से और नौ जून को पाकिस्तान से खेलना है ।
भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड :
रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पंड्या, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, संजू सैमसन, शिवम दुबे, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज ।
