AUS vs WI 1st Test, Perth, Tagenarine Chanderpaul debut: ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के दूसरे दिन भी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज पर्थ की पिच पर हावी दिखे। स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन के दोहरे शतकों ने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों को बेहाल किया और अंत में ऑस्ट्रेलियाई टीम को ही 598/4 के स्कोर पर पारी घोषित करनी पड़ी। इसके बाद वेस्टइंडीज जवाब देने उतरी और पिच पर आए महान पूर्व बल्लेबाज के बेटे।
हम बात कर रहे हैं वेस्टइंडीज टेस्ट इतिहास के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक रहे शिवनारायण चंद्रपॉल की। शिवनारायण अपनी अनोखी बैटिंग शैली के लिए मशहूर थे। पिच पर अनोखा स्टांस लेना और फिर अनोखे शॉट्स खेलना उनकी खासियत थी। अब जब गुरुवार को पर्थ के मैदान पर उनका बेटा वेस्टइंडीज के लिए डेब्यू करते हुए पहली बार बल्लेबाजी करने उतरा तो सबकी नजरें उन पर थीं।
तेजनारायण चंद्रपॉल के खेलने के तरीके में भी उनके पिता की झलक साफ नजर आई। वो ओपनिंग करने उतरे और दिन का खेल समाप्त होने तक पिच पर टिके रहे। इस दौरान उनके कुछ शॉट्स देखकर फैंस उत्साहित दिखे और सोशल मीडिया पर उनके वीडियो वायरल होने लगे जिसमें उनकी तुलना उनके पिता से की जा रही है। देखिए वीडियो..
तेजनारायण ने दिन का खेल समाप्त होने तक 73 गेंदों में नाबाद 47 रन बना लिए थे और अब वो अपने डेब्यू पर अर्धशतक से सिर्फ तीन रन दूर हैं जिसे वो शुक्रवार को हासिल कर अपने पिता को गौरवान्वित करना चाहेंगे। वेस्टइंडीज की टीम जवाब में बिना कोई विकेट गंवाए 74 रन बना चुकी है।
