भारतीय क्रिकेट टीम सेमीफाइनल में इंग्लैंड से भिड़ने के लिए तैयार है। भारत-इंग्लैंड के बीच टी20 विश्व कप का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला गयाना में गुरुवार को भारतीय समयानुसार रात आठ बजे(स्थानीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे) से खेला जाएगा। ऐसे में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने रोहित ने सेमीफाइनल मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस से रूबरू होते हुए बुधवार को इंग्लैंड के खिलाफ मौसम और परिस्थितियों से इतर बिंदास क्रिकेट खेलने का बात कही। जानिए क्या कहा?
क्या चार स्पिनर्स के साथ उतरेंगे मैदान में?
रोहित ने चार स्पिनर्स के साथ इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में उतरने के सवाल पर कहा, स्पिनर्स के खेलने में कोई रहस्य नहीं है। अगर जरूरी हुआ तो हम चार स्पिनर्स के साथ उतरेंगे। हमने अभी पिच नहीं देखी है इसके बाद ही हम टीम का चयन करेंगे।
परिस्थितियों के हिसाब से खेलेंगे क्रिकेट
इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में लगातार दूसरी बार भिड़ने के बाद रोहित शर्मा ने कहा, साल 2022 के बाद से बहुत कुछ नहीं बदला है। मैच में सब मूल रूप से इस बात पर निर्भर करता है कि परिस्थितियां कैसी होंगी। पहले की परिस्थितियों की कुछ और चुनौतियां थीं और वेस्टइंडीज में ये अलग है। हम परिस्थितियों के हिसाब से क्रिकेट खेलेंगे। हमें इस बात का अहसास है कि पिच अच्छी है और वैसा खेलेगी जैसा हम चाहते हैं। मैंने अपने लिए और टीम के लिए सबकुछ सामान्य और सरल रखने की कोशिश की है। इसपर ज्यादा करने की ज्यादा जरूरत नहीं है हमें अच्छे निर्णय लेने के लिए खिलाड़ियों पर निर्भर रहने और खुले दिमाग की जरूरत है।
मौसम और परिस्थितियों के हिसाब से करेंगे फैसला
सेमीफाइनल मुकाबले पर मंडरा रहे बारिश के साये के सवाल पर रोहित ने कहा, हम तो सोचकर चल रहे हैं कि मैच पूरे चालीस ओवर को होगा लेकिन अगर बारिश की वजह से ऐसा नहीं हुआ तो हम उसके अनुरूप बदलाव करेंगे। हम मैच में जीत हासिल करने की पुरजोर कोशिश करेंगे। पहले भी कुछ छोटे मैच हुए हैं ऐसी चीजें खेल में होती रहती हैं। देखते हैं कैसी परिस्थितियां रहती हैं।
सेमीफाइनल को लेंगे सामान्य मैच की तरह
हार के डर को लेकर पूछे गए सवाल पर रोहित ने कहा, हम सेमीफाइनल मुकाबले को भी एक सामान्य मैच की तरह लेंगे। हम यह नहीं सोचना चाहते हैं कि आगे क्या होगा। सबको पता है कि ये सेमीफाइनल है और हम इस बारे में ज्यादा बात नहीं करना चाहते हैं। हम एक टीम के रूप में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और एक दूसरे की सफलता का लुत्फ उठा रहे हैं। हम वही करना चाहेंगे जो अबतक टूर्नामेंट में करते आए हैं। कल हमारा है और हम फाइनल के बारे में नहीं सोच रहे हैं। हमारा लक्ष्य केवल सेमीफाइनल में जीत दर्ज करना है। अगर आप ज्यादा सोचते हैं तो अच्छे निर्णय नहीं ले पाते हैं जो आप करना चाहतें हैं। हमने सेमीफाइनल को लेकर दूसरे खिलाड़ियों से भी चर्चा की है।
खिलाड़ियों के अनुभव का उठाएंगे फायदा
बतौर ओपनर रोहित ने अपने और विराट कोहली के एक ही अंदाज में बल्लेबाजी करने के सवाल पर कहा, मैं जानता हूं कि परिस्थितियों के बारे में लगातार बात करना बेझिल वाला होता है। हम मैदान पर जाकर केवल बल्ला नहीं चलाना चाहते हैं। हमारी टीम स्मार्ट है और हम सभी खिलाड़ियों के अनुभव पर निर्भर करते हैं। आज अभ्यास सत्र के दौरान हमने इस बारे में चर्चा की है कि हमें खिलाड़ियों से क्या अपेक्षा है। खिलाड़ियों को अपने निर्णय खुद करने होंगे और हम इसपर निर्भर करते हैं। गेंदबाजों पर भी यही बात लागू होती है। शिवम दुबे को अच्छा गेंदबाज बताते हुए रोहित ने कहा, शिवम दुबे अच्छे गेंदबाज हैं और लेकिन उन्हें गेंदबाजी के ज्यादा मौके नहीं मिले हैं। घरेलू क्रिकेट में शिवम ने बहुत गेंदबाजी की है और विकेट चटकाए हैं।
सेमीफाइनल का वेन्यू जानने का नहीं है कोई फायदा
शुरुआत से ही भारतीय टीम का सेमीफाइनल मुकाबला गयाना होने की बात को नकारते हुए रोहित ने कहा, मुझे नहीं लगता कि मैच का वेन्यू जानने सो कोई फायदा है। बारिश की स्थिति किसी के नियंत्रण में नहीं है। बस मुझे एक बात की चिंता है कि कहीं हम अपनी चार्टर्ड फ्लाइट ना मिस कर दें, लेकिन यह आईसीसी का सिरदर्द है।
