सिडनी: न्यूजीलैंड के धाकड़ सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे ने टी20 विश्व कप 2022 में धमाकेदार शुरुआत की है। शनिवार को डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सुपर-12 राउंड के पहले मुकाबले में कॉनवे ने 58 गेंद में 92 रन की आतिशी पारी खेलते हुए अपनी टीम को 20 ओवर में 3 विकेट पर 200 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। पारी की शुरुआत करने आए कॉनवे ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंद में पचासा जड़ दिया और अंत में 92 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। अपनी पारी में उन्होंने 7 चौके और 2 छक्के जड़े।
एलन के साथ दिलाई न्यूजीलैंड को आतिशी शुरआत
कॉनवे ने फिन एलन के साथ मिलकर न्यूजीलैंड को धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 3.5 ओवर में ही अपनी टीम को 50 रन के पार पहुंचा दिया। पांचवें ओवर की पहली गेंद पर फिन एलन के 16 गेंद में 42 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौटने के बाद कॉन्वे ने कप्तान विलियमसन के साथ मोर्चा संभाला और टीम की रन गति और लय को कम नहीं होने दिया।छक्के के साथ पूरा किया अर्धशतक
कॉनवे ने विलियमसन के साथ दूसरे विकेट की साझेदारी के दौरान अटैकर की भूमिका में दिखे। उन्होंने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए 13वें ओवर की पहली गेंद पर एडम जंपा की गेंद पर मिडविकेट की दिशा में 81 मीटर छक्का जड़ा और 36 गेंद में अंतरराष्ट्रीय टी20 में अपना सातवां अर्धशतक पूरा कर लिया। विलियमसन ने अपना अर्धशतक 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से पूरा किया। वो टी20 विश्व कप 2022 के सुपर-12 दौर में अर्धशतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बने।
