क्रिकेट

Syed Mushtaq Ali Trophy: मोहम्मद शमी की किफायती गेंदबाजी से बंगाल ने दर्ज की जीत, बड़ौदा को सौराष्ट्र ने दी पटखनी

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मोहम्मद शमी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए बंगाल को मेघालय के खिलाफ जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की। अन्य मैचों का ऐसा रहा हाल।

Image

मोहम्मद शमी

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • मोहम्मद शमी ने दिलाई ने बंगाल को जीत
  • ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए पेश किया दावा
  • बड़ौदा को सौराष्ट्र ने बड़े अंतर से रौंदा

राजकोट: भारत के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की किफायती गेंदबाजी से बंगाल ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टी20 टूर्नामेंट के ग्रुप ए मैच में रविवार को मेघालय के खिलाफ छह विकेट की आसान जीत दर्ज की। ग्रुप के अन्य मुकाबलों में नमन धीर (19 रन पर पांच विकेट) की तूफानी गेंदबाजी से पंजाब ने हैदराबाद के खिलाफ सात रन की आसान जीत दर्ज की जबकि झारखंड ने हरियाणा को एक विकेट से हराया। हरियाणा की ओर से सुमित कुमार ने 25 रन देकर तीन विकेट चटकाए जबकि हर्षल पटेल (16 रन पर दो विकेट) और युजवेंद्र चहल (13 रन पर एक विकेट) ने भी उम्दा गेंदबाजी की लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए।

मोहम्मद शमी ने दिलाई बंगाल को जीत

शमी ने भारतीय टीम में वापसी का अपना दावा और मजबूत करते हुए चार ओवर में सिर्फ 16 रन दिए जिससे मेघालय की टीम छह विकेट पर 127 रन ही बना सकी। बंगाल ने इसके जवाब में सलामी बल्लेबाजों अभिषेक पोरेल (61) और करण लाल (42) के बीच पहले विकेट की 80 रन की साझेदारी से 49 गेंद शेष रहते चार विकेट पर 128 रन बनाकर जीत दर्ज की। मेघालय की ओर से एरियन संगमा (37) और लैरी संगमा (38) ने उपयोगी पारियां खेली।

गुजरात ने दी सिक्किम को पटखनी

इंदौर में ग्रुप बी मैच में गुजरात ने अक्षर पटेल (19 रन पर दो विकेट) और रवि बिश्नोई (16 रन पर एक विकेट) की धारदार गेंदबाजी से सिक्किम को तीन ओवर शेष रहते छह विकेट से हराया। सिक्किम की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 101 रन ही बना सकी। इसके जवाब में गुजरात ने भी जल्दी-जल्दी विकेट गंवाए लेकिन सलामी बल्लेबाज आर्य देसाई के नाबाद 47 रन की बदौलत टीम 17 ओवर में चार विकेट पर 102 रन बनाकर जीत दर्ज करने में सफल रही। देसाई ने अपनी पारी में 48 गेंद का सामना करते हुए छह चौके मारे। सिक्किम की ओर से ली योंग लेपचा (18 रन पर दो विकेट) और पार्थ पलावत (10 रन पर दो विकेट) ने उम्दा गेंदबाजी की।

बड़ौदा को मिला सौराष्ट्र के खिलाफ हार

ग्रुप बी में ही भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में बड़ौदा को सौराष्ट्र के खिलाफ 78 रन की करारी हार का सामना करना पड़ा। सौराष्ट्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हार्विक देसाई (76 रन, 39 गेंद, नौ चौके, चार छक्के), रुचित अहीर (57 रन, 30 गेंद, तीन चौके, पांच छक्के) और जय गोहिल (53 रन, 18 गेंद, दो चौके, छह छक्के) के अर्धशतक से छह विकेट पर 266 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। बड़ौदा के कप्तान क्रुणाल पांड्या ने चार ओवर में 59 रन लुटाए जबकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। इसके जवाब में बड़ौदा की टीम आठ विकेट पर 188 रन ही बना सकी। बड़ौदा की ओर से सलामी बल्लेबाज शाश्वत रावत ने सर्वाधिक 38 रन बनाए।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article