IND vs NAM: 'संजू ने जिस तरह से...', मैच के बाद कप्तान सूर्या ने की सैमसन की तारीफ या लगाई लताड़?
- Authored by: उमेश कुमार
- Updated Feb 12, 2026, 11:58 PM IST
भारत ने नामीबिया को टी20 विश्व कप 2026 के अपने दूसरे मुकाबले में 93 रन के बड़े अंतर से मात देकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारत ने मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 209 रन का स्कोर बनाया। इसके जवाब में अच्छी शुरुआत के बाद नामीबिया की टीम 18.1 ओवर में 116 रन पर ढेर हो गई। हार्दिक पांड्या को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
नामीबिया के खिलाफ संजू सैमसन। फोटो- AP
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 विश्व कप में रनों के लिहाज से भारत ने सबसे बड़ी जीत की। नामीबिया के खिलाफ मिली 93 रन की जीत से भारत का सुपर-8 में स्थान लगभग पक्का हो गया है। बल्लेबाजी में भारत ने पहले 6.5 ओवर में 100 रन बना लिए थे। हालांकि, उनके बल्लेबाज पिछले मैच की तरह ही स्पिनरों के खिलाफ काफी संघर्ष कर रहे थे।
मैच के बाद कप्तान सूर्या ने नामीबिया की गेंदबाजी की तारीफ की। साथ ही उनकी योजनाओं की भी सराहना की। भारतीय कप्तान ने पिच को बल्लेबाजी के लिए मुश्किल बताया। हालांकि, ईशान और संजू से मिली तेज शुरुआत का फायदा टीम को मिला। वहीं, बुमराह की वापसी पर खुशी जताई।
'ईशान और संजू सैमसन ने जिस'
सूर्यकुमार यादव ने कहा, सभी के लिए अच्छा मैच रहा। मुझे लगता है कि बल्लेबाजी के लिए विकेट आसान नहीं था, लेकिन ईशान और संजू ने जिस तरह से शुरुआत की, उससे लगा कि विकेट आसान है। फिर शिवम और हार्दिक की साझेदारी, जिस तरह से उन्होंने दो-तीन जल्दी विकेट गिरने के बाद बल्लेबाजी की, वह वाकई सराहनीय थी। मुझे लगता है कि गेंद थोड़ी रुक रही थी, लेकिन मैं नामीबिया के गेंदबाजों की तारीफ कम नहीं करना चाहता। उन्होंने बहुत अच्छी गेंदबाजी की।
'बुमराह की वापसी से खुश'
बुमराह की वापसी पर कहा, हां, बुमराह को चार ओवर गेंदबाजी करते देखना बहुत अच्छा रहा। उन्हें टीम में वापस पाकर खुशी हुई। वह अगले मैच के लिए भी पूरी तरह तैयार हैं। वरुण चक्रवर्ती, जिस तरह से वे अक्षर पटेल के साथ साझेदारी में गेंदबाजी करते हैं, मुझे लगता है कि यह एक मुश्किल जोड़ी है। हार्दिक जरूरत के मुताबिक कहीं भी गेंदबाजी कर लेते हैं और बल्ले से भी योगदान देते हैं। हर मैच अहम है। शुरुआत में हम थोड़ा असहज दिखे, लेकिन अब हम सही दिशा में बढ़ रहे हैं।
स्पिन गेंदबाज से परेशान दिखे भारतीय बल्लेबाज
हाल ऐसा था कि भारत ने 19वें ओवर में इरास्मस के खिलाफ तीन विकेट गंवाए। इस पर टीम प्रबंधन और खिलाड़ियों को ध्यान देने की जरूरत है। गेंदबाजी में भारत के हर एक गेंदबाज को विकेट मिला है। हालांकि, भारतीय टीम ने पावरप्ले में 59 रन लुटाए थे। अब उनका अगला मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ होगा।
