क्रिकेट

पिता ने दी भारत का उपकप्तान बनने की खबर, उसके बाद ऐसा हुआ सूर्यकुमार यादव का हाल

  • Agency by: Agency
  • Updated Dec 28, 2022, 10:21 PM IST

Suryakumar Yadav on being vice-captain of T20 squad: किसी भी खिलाड़ी के लिए देश के लिए खेलना गर्व की बात होती है, लेकिन जब मौका उससे भी बड़ा हो जाए और आपको टीम का उपकप्तान बना दिया जाए तो खुशी दोगुनी होनी ही है। सूर्यकुमार यादव के साथ भी कुछ ऐसा हुआ, जो उन्होंने खुद बयां किया।

Image

सूर्यकुमार यादव (Surya Kumar Yadav)

Photo : Twitter

भारत की टी20 क्रिकेट में नई सनसनी सूर्यकुमार यादव ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय टीम का उपकप्तान बनना सपने जैसा है लेकिन वह इसको अतिरिक्त बोझ की तरह नहीं लेंगे और अपना नैसर्गिक खेल खेलते रहेंगे। भारतीय चयनकर्ताओं ने सीमित ओवरों की टीम में काफी बदलाव किए हैं। श्रीलंका के खिलाफ अगले साल तीन जनवरी से मुंबई में शुरू होने वाली श्रृंखला के लिए टी20 टीम की कप्तानी हार्दिक पंड्या को सौंपी गई है जबकि सूर्यकुमार को उनके साथ उपकप्तान बनाया गया है।

रोहित शर्मा, विराट कोहली और केएल राहुल जैसे सीनियर खिलाड़ियों को टी20 टीम में जगह नहीं दी गई है। सूर्यकुमार ने मुंबई के सौराष्ट्र के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद पत्रकारों से कहा,‘‘ मुझे इसकी (उप कप्तानी) उम्मीद नहीं थी। मैं यही कह सकता हूं कि इस साल मैंने जिस तरह से बल्लेबाजी की यह उसका पुरस्कार है। इससे वास्तव में अच्छा महसूस हो रहा है और मैं यह जिम्मेदारी संभालने के लिए उत्सुक हूं।’’

सूर्यकुमार को जब उनके पिताजी ने टीम की सूची भेजी तो एकबारगी उन्हें विश्वास नहीं हुआ कि वह टीम के उपकप्तान बनाए गए हैं। उन्होंने कहा,‘‘ मुझे अपने पिताजी से पता चला जो सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं। उन्होंने मुझे टीम की सूची भेजी और साथ में संक्षिप्त संदेश भी दिया, किसी तरह का दबाव मत लेना और अपनी बल्लेबाजी का पूरा लुत्फ उठाना।’’ सूर्यकुमार ने कहा,‘‘ कुछ पल के लिए मैंने अपनी आंखें बंद की और स्वयं से पूछा कि क्या यह सपना है। यह शानदार अहसास है।’’

End of Article