भारत ने पाकिस्तान को हराकर एशिया कप 2025 के सुपर-फोर में जगह बना ली। भारत के सामने जीत के लिए 128 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने 25 गेंद शेष रहते 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारत की ओर से कप्तान सूर्यकुमार यादव ने विजयी शॉट लगाया। उन्होंने सुफियान मुकीम की गेंद पर छक्का मारकर टीम इंडिया को लगातार दूसरी जीत दिला दी। इससे पहले पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और भारत के सामने 128 रन का लक्ष्य रखा था। पाकिस्तान की ओर से सर्वाधिक 40 रन की पारी साहिबजादा फरहान ने खेली। इसके अलावा शाहीन अफरीदी ने 16 गेंद में 4 छक्कों की मदद से 33 रन की पारी खेली।
इंडियन आर्मी को समर्पित की जीत
सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद कुछ ऐसा कहा जिसने करोड़ों भारतीय फैंस का दिल जीत लिया। उन्होंने इस जीत को इंडियन आर्मी को समर्पित करते हुए कहा कि हम पूरी तरह से पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए परिवारों के साथ खड़े हैं। हम उनके प्रति अपनी एकजुटता प्रकट करते हैं। हम इस जीत को इंडियन आर्मी को समर्पित करना चाहते हैं, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में अदम्य साहस का परिचय दिया। आशा है कि वे हम सभी को प्रेरित करते रहेंगे। हमें जब भी मौका मिलेगा, उनके चेहरे पर खुशी लाने की कोशिश करते रहेंगे। भारतीय टीम के खिलाड़ी मैच के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ भी नहीं मिलाया, जैसा कि आमतौर पर टीमें किसी मुकाबले के बाद करती हैं। सूर्यकुमार यादव ने साथ ही कहा कि यह जीत उनके जन्मदिन पर देशवासियों के लिए ‘रिटर्न गिफ्ट’ है।
सूर्यकुमार यादव ने अपने गेंदबाजों की जमकर तारीफ की, उन्होंने कहा ‘हम हर विपक्षी टीम के लिए एक ही तरह की रणनीति के साथ आते हैं। कुछ महीने पहले टीम ने भारत ने कई स्पिनरों के साथ चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी और वहीं से इसकी शुरूआत हुई। मैं स्पिनरों का मुरीद हूं।'
इससे पहले टॉस के समय सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से हाथ भी नहीं मिलाया और उन करोड़ों भारतीय फैंस का मान रखा, देश में इस मैच का विरोध कर रहे थे। मुकाबले से पहले फैंस दो खेमों में बंटे हुए थे। कुछ का मानना था कि यह मुकाबला होना चाहिए और कुछ इसके विरोध में थे। लेकिन मैच के बाद भारतीय कप्तान ने उन करोड़ों फैंस का दिल जीत लिया।
