क्रिकेट

'एक बिहारी सब पर भारी' रैना ने वैभव की तारीफ में पढ़े कसीदे; कर दी बड़ी भविष्यवाणी

मिस्टर आईपीएल सुरेश रैना ने बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है। इतना ही नहीं इस युवा बल्लेबाज को लेकर उन्होंने एक बड़ी भविष्यवाणी भी कर दी है। वैभव ने अपने पहले ही आईपीएल सीजन में बल्ले से धमाल मचाते हुए सुपर स्ट्राइकर का अवॉर्ड जीता था।

vaibhav suryavanshi

वैभव सूर्यवंशी (साभार-X IPL)

मिस्टर आईपीएल, सुरेश रैना ने युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। रैना का मानना है कि सबकुछ अगर ठीक रहा तो यह युवा बल्लेबाज जल्द टी20 अंतरराष्ट्रीय में टीम इंडिया के लिए खेल सकता है। शुभांकर मिश्रा के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान रैना ने ये बातें कही। उन्होंने वैभव के फियरलेस अप्रोच की जमकर तारीफ की और उनकी तुलना ऋषभ पंत और रिंकू सिंह जैसे खिलाड़ी से की।

पहले ही सीजन में दिखी थी धमक

आईपीएल के अपने पहले ही सीजन में इतिहास रचने वाले वैभव ने केवल 7 पारी में ही दुनिया को अपना मुरीद बना लिया था। आईपीएल में उन्होंने निकोलस पूरन और ग्लेन मैक्सवेल जैसे खिलाड़ियों के होते हुए सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन का अवॉर्ड अपने नाम किया था। यह अवॉर्ड सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ी को दिया जाता है। वैभव ने 7 पारी में 206.55 की स्ट्राइक रेट से एक शतक और एक अर्धशतक की मदद से 252 रन बनाए थे। गुजरात के खिलाफ मैच में उन्होंने 38 गेंद में 101 रन की तूफानी पारी खेली थी।

इसके अलावा हालिया इंग्लैंड दौरे में भी उनकी लाजवाब बल्लेबाजी देखने को मिली जब उन्होंने इंग्लैंड अंडर-19 टीम के खिलाफ 78 गेंद में 143 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। इस सीरीज में 355 रन बनाकर वह सबसे सफल बल्लेबाज भी रहे थे।

सदियों में आते हैं ऐसे खिलाड़ी

रैना ने वैभव की तारीफ करते हुए कहा 'उनका बेखौफ़ अंदाज़ अलग ही है। म्हात्रे भी अच्छे हैं, लेकिन वैभव में X-फैक्टर है। ऐसे टैलेंट बहुत कम मिलते हैं। हाल ही में उन्होंने इंग्लैंड में शतक जड़ा और आईपीएल में भी सेंचुरी बनाई। यह साबित करता है कि बिहार से आया यह खिलाड़ी सच में दिखा रहा है-“एक बिहारी सब पे भारी। किसी को समस्तीपुर के बारे में नहीं पता था, लेकिन एक गाँव से आए खिलाड़ी ने अपनी काबिलियत दिखा दी।

पंत और रिंकू से की तुलना

उन्होंने आगे कहा 'बिहार के एक कोच ने मुझे बताया था कि उन्होंने उसका ख्याल रखा था। ऐसे खिलाड़ी सदियों में एक बार आते हैं, चाहे वह ऋषभ पंत हों, वैभव सूर्यवंशी हों या रिंकू सिंह। आयुष म्हात्रे ने तो 17 साल की उम्र में ही, सीएसके के लिए अपने पहले ही मैच से जो कुछ कर दिखाया है, वह काबिलेतारीफ है।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुर author

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटब... और देखें

End of Article