कोलकाता: इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन में गेंद और बल्ले दोनों से धमाल मचा रहे कैरेबियाई प्लेयर सुनील नरेन शनिवार को मुंबई इंडियन्स के खिलाफ मुकाबले में अपना खाता भी नहीं खोल पाए। नरेन पारी के दूसरे ओवर की पहली गेंद पर बुमराह की सटीक यॉर्कर पर गच्चा खाकर बोल्ड हो गए। इसके साथ ही उनके नाम टी20 क्रिकेट का एक अनचाहा शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
टी20 सबसे सबसे ज्यादा अंडे देने वाले बल्लेबाज
सुनील नरेन टी20 क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले प्लेयर बन गए हैं। नरेन अपने टी20 करियर में 44वीं बार अपना खाता खोलने में नाकाम रहे। नरेन 510वें टी20 मैच की 325वीं पारी में बल्लेबाजी करते हुए 44वीं बार खाता नहीं खोल सके। इस मैच से पहले नरेन इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स के साथ बराबरी पर थे। लेकिन अब हेल्स 43 बार शून्य पर आउट के आंकड़े के साथ दूसरे पायदान पर खिसक गए हैं। वहीं राशिद खान 42 शून्य के आंकड़े के साथ तीसरे पायदान पर हैं।
शानदार रहा है बल्ले के साथ नरेन का सीजन
सुनील नरेन का आईपीएल 2024 में शानदार प्रदर्शन रहा है। नरेन सीजन में खेले 12 मैच की 12 पारियों में 38.42 के औसत और 182.93 के स्ट्राइक रेट से 461 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। 109 सीजन में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। सीजन में नरेन केवल एक बार अपना खाता नहीं खोल सके और ऐसा मुंबई के खिलाफ इडेन गार्डन्स में हुआ। नरेन ने आईपीएल में गेंदबाजी में भी धमाल किया है। उन्होंने 12 मैच में 14 विकेट भी अपने नाम किए हैं।
