भारतीय क्रिकेट टीम ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2022 में जोरदार शुरुआत की और बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला मैच जीता। भारतीय टीम की तरफ से पाकिस्तान के खिलाफ विराट कोहली मैच के हीरो बनेे जबकि भारतीय गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया जिसमें ऑलराउंडर हार्दिक पांंड्या सबसे अलग साबित हुए। हालांकि इन सभी तारीफों और बेहतरीन प्रदर्शन के बीच भी एक चीज ऐसी है जिसको लेकर पूर्व भारतीय दिग्गज सुनील गावस्कर खुश नहीं हैं।
दरअसल, इस मैच में एक बार फिर भारतीय ओपनर्स द्वारा कुछ खास देखने को नहीं मिला। पाकिस्तान के खिलाफ रोहित शर्मा और केएल राहुल की जोड़ी सस्ते में पवेलियन लौट गई। केएल राहुल को नसीम शाह ने 4 रन पर आउट कर दिया, जबकि कप्तान रोहित शर्मा भी ठीक इसके बाद हारिस रउफ की गेंद पर दूसरी स्लिप में खड़े फील्डर को कैच थमा बैठे।
सुनील गावस्कर को भी भारतीय ओपनर्स का खराब प्रदर्शन खटक रहा है। उन्होंने स्पोर्ट्स टुडे से बातचीत के दौरान कहा, "सिर्फ एक चीज जो चिंता का विषय रही, वो ये कि रोहित शर्मा ने हाल में वैसी बल्लेबाजी करके नहीं दिखाई है जिसके लिए वो जाने जाते हैं और सक्षम हैं। अगर वो अच्छी बल्लेबाजी करके जाते हैं तो वो आने वाले बल्लेबाजों की राह आसान बना देते हैं।"
गावस्कर का ये भी मानना है कि सलामी जोड़ी को भारतीय पारी को शुरुआती कुछ ओवरों में अच्छी दिशा में ले जाते हुए एक अच्छा मंच बनाना चाहिए। उनके मुताबिक इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि शुरुआत थोड़ी धीमी भी हो क्योंकि वो मध्य केे ओवरों में रफ्तार बढ़ा भी सकते हैं।
