क्रिकेट

ENG vs IND T20I: कब खत्म होगा वैभव सूर्यवंशी का इंतजार? सुनील गावस्कर ने दिया जवाब

भारत के महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू को लेकर भविष्यवाणी की है। दिग्गज क्रिकेटर का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी20 मैच की सीरीज में अपना डेब्यू कर सकते हैं। हाल ही में आयरलैंड के खिलाफ समाप्त हुई सीरीज में वैभव को खेलने का मौका नहीं मिला।

Image

वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू का इंतजार। फोटो- BCCI

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की सीरीज में वैभव सूर्यवंशी बेंच पर ही बैठे रह गए। उन्होंने एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। ऐसे में उनका अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने का इंतजार और बढ़ गया है। वहीं, भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने बताया कि वैभव सूर्यवंशी कब इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू कर सकते हैं।

पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर को उम्मीद है कि वैभव सूर्यवंशी आगामी पांच मैचों की इंग्लैंड सीरीज में डेब्यू कर सकते हैं। उम्मीद थी कि यह युवा खिलाड़ी आयरलैंड के खिलाफ भारतीय टीम के लिए अपना पहला मैच खेलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। क्योंकि कप्तान श्रेयस अय्यर और मुख्य कोच गौतम गंभीर के नेतृत्व वाली प्रबंधन टीम ने अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन को ही टीम में बनाए रखने का फैसला किया।

कम से कम एक मैच खेलने का मिलेगा मौका

गावस्कर ने कहा कि आयरलैंड सीरीज से पहले, उन्हें लगा था कि सूर्यवंशी आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू करेंगे और सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ेंगे। इंडिया टूडे से बात करते हुए गावस्कर ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी को कम से कम एक मैच खेलने को मिल सकता है। इससे पहले, सूर्यवंशी को आईपीएल 2026 सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए 700 से अधिक रन बनाने के दम पर राष्ट्रीय टीम में जगह मिली थी।

तैयार करने का सबसे अच्छा मौका

सुनील गावस्कर ने कहा, मुझे लगता है कि वो इंग्लैंड में होने वाले सभी मैचों में नहीं तो कम से कम एक मैच तो जरूर खेलेंगे। क्योंकि इंग्लैंड की कठिन परिस्थितियों में किसी युवा को तैयार करने का सबसे अच्छा मौका है। हालांकि, यह टीम प्रबंधन का फैसला होगा कि वह मैच खेलेंगे या नहीं। क्योंकि, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की जोड़ी को तोड़ना सही नहीं होगा, लेकिन फिर भी एक जगह बनानी पड़ेगी क्योंकि सच्चाई यही है कि यह महत्वपूर्ण है।

प्रिंस और शेडगे ने किया डेब्यू

दुनिया को उम्मीद थी कि सूर्यवंशी को बेलफास्ट में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का मौका मिलेगा, लेकिन प्रिंस यादव और सूर्यांश शेडगे को उनसे पहले डेब्यू करने का मौका मिल गया और 15 वर्षीय खिलाड़ी को अभी और इंतजार करना होगा।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article