क्रिकेट

VIDEO: कैच लेते हुए टूट गए चार दांत, दर्द में दिखे श्रीलंकाई क्रिकेटर चमिका करुणारत्ने

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Dec 8, 2022, 08:51 PM IST

Chamika Karunaratne loses 4 teeth while taking a catch, Viral Video: श्रीलंकाई क्रिकेटर चमिका करुणारत्ने के साथ लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) के मैच के दौरान एक दर्दनाक घटना घटित हो गई। जब वो एक कैच लेने जा रहे थे तो गेंद सीधे उनके मुंह से टकराई और उन्होंने अपने चार दांत गंवा दिए।

Image

चमिका करुणारत्ने (screengrab)

Photo : Twitter

क्रिकेट के मैदान पर कुछ भी संभव है। यहां कई बार खिलाड़ी देखते-देखते घायल हो जाते हैं। कुछ रोहित शर्मा जैसे भी होते हैं तो चोटिल होने के बाद टांके लगाकर मैदान पर उतरकर बैटिंग करने लगते हैं। वहीं जहां कल रोहित के साथ फील्डिंग के दौरान हादसा हुआ, वैसे ही श्रीलंका में चल रही लंका प्रीमियर लीग (LPL) में भी फील्डिंग के दौरान एक खिलाड़ी चोटिल हो गया। ये खिलाड़ी हैं श्रीलंकाई क्रिकेटर चमिका करुणारत्ने।

कैंडी में लंका प्रीमियर लीग के मुकाबले में गॉल ग्लेडिएटर्स और कैंडी फैल्कंस के बीच में मुकाबला चल रहा था। इस दौरान जब ग्लेडिएटर्स टीम बल्लेबाजी कर रही थी, तब पारी के चौथे ओवर में श्रीलंकाई गेंदबाज चमिका करुणारत्ने फील्डिंग करते हुए चोटिल हो गए। बल्लेबाज नुवेंदु फर्नान्डो ने वेस्टइंडीज के कार्लोस ब्रेथवेट की एक गेंद को हवा में खेलने का प्रयास किया जिसको लपकने के लिए तीन-तीन खिलाड़ी दौड़ पड़े।

तीनों फील्डर्स के बीच में चमिका करुणारत्ने थे जिन्होंने कैच लपकने के लिए कॉल दिया। गेंद काफी ऊंची गई थी और जब वो नीचे आई तो सीधे पूरी रफ्तार से चमिका के मुंह से जा टकराई। चमिका ने दिलेरी दिखाते हुए गेंद को हाथों से जाने नहीं दिया और कैच पूरा किया लेकिन इस दौरान वो गंभीर रूप से चोटिल हो गए, दरअसल कैच के बाद अंदाजा लगा कि उनके मुंह से खून बह रहा था। टीम फीजियो मैदान पर आए और फिर पता चला कि उनके चार दांत टूट गए थे जिसके लिए उन्हें तुरंत सर्जरी के लिए जाना पड़ा।

देखिए चमिका करुणारत्ने के उस कैच का वीडियो

इस घटना के बाद चमिका को सर्जरी करानी पड़ी है लेकिन उम्मीद जताई गई है कि लंका प्रीमियर लीग में कैंडी चरण के मैचों के लिए वो मैदान पर वापसी कर लेंगे। इस मैच में गॉल ग्लेडिएटर्स ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 121 रन बनाए। जवाब देने उतरी कैंडी फैल्कंस की टीम ने 5 ओवर बाकी रहते 5 विकेट से मैच जीत लिया।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article