क्रिकेट

SL vs NZ 2nd Test Day 2 Highlights: कमिंदु मेंडिस ने जड़ा करियर का पांचवां शतक, श्रीलंका ने दूसरे टेस्ट में मजबूत की पकड़

न्यूजीलैंड के खिलाफ गॉल में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन श्रीलंका ने कमिंदु मेंडिस और कुसल मेंडिस के शतकों की बदौलत अपनी मैच पर पकड़ मजबूत कर ली है।

Image

कमिंदु मेंडिस

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • न्यूजीलैंड ने दूसरे दिन की समाप्ति पर बनाए 22/2 रन
  • श्रीलंका ने 602/5 रन पर घोषित की अपनी पहली पारी
  • कमिंदु और कुसल मेंडिस ने खेली शतकीय पारी

गॉल (श्रीलंका): कमिंदु मेंडिस शुक्रवार को गॉल में खेल जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट में डॉन ब्रैडमैन की बराबरी करते हुए सबसे तेज 1,000 टेस्ट रन बनाने वाले संयुक्त रूप से दूसरे खिलाड़ी बन गए जिससे श्रीलंका ने दूसरे टेस्ट में न्यूजीलैंड पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। श्रीलंका ने अपनी पहली पारी पांच विकेट पर 602 रन पर घोषित की और दूसरे दिन स्टंप तक न्यूजीलैंड के 22 रन तक दो विकेट झटक लिये।

13वीं पारी में पूरे किए एक हजार रन, ब्रैडमैन की बराबरी पर पहुंचे

कमिंदु ने अपनी 13वीं ही टेस्ट पारी में 1,000 रन की उपलब्धि हासिल की जिससे वह ब्रैडमैन की बराबरी पर आ गये जिन्होंने 1930 में इंग्लैंड के खिलाफ हेडिंग्ले में ऐसा किया था। इंग्लैंड के हर्बर्ट सुटक्लिफ और वेस्टइंडीज के महान एवर्टन वीक्स ने 12 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी।

कमिंदु ने जड़ा करियर का पांचवां शतक

कमिंदु ने लंच से पहले अपना पांचवां शतक लगाया और फिर उन्होंने रचिन रविंद्र की गेंद पर गेंदबाज के सिर के ऊपर से एक ऊंचा छक्का लगाकर अपना 1,000 वां रन पूरा किया। वह इस मील के पत्थर को हासिल करने वाले सबसे तेज श्रीलंकाई ही नहीं बल्कि सबसे तेज एशियाई खिलाड़ी भी बना गये। उन्होंने श्रीलंका के महान क्रिकेटर रॉय डायस (23 पारी) और भारत के विनोद कांबली (14 पारी) को पीछे छोड़ दिया।

श्रीलंका ने 602/5 के स्कोर पर घोषित की पारी

कामिंदु के अपने पहले दोहरे शतक तक पहुंचने से पहले ही श्रीलंका ने पारी घोषित कर दी। वह 250 गेंद पर 182 रन बनाकर नाबाद रहे जिसमें उन्होंने 16 चौके और चार छक्के लगाये। कमिंदु को कुसल मेंडिस का पूरा सहयोग मिला जिन्होंने नाबाद 106 रन बनाए। इन दोनों ने मिलकर 200 रन की नाबाद साझेदारी की जो घरेलू सरजमीं पर न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रीलंका के लिए छठे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी थी। इस साझेदारी ने गॉल में किसी भी टीम द्वारा छठे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड भी बनाया। सुबह मेजबान टीम ने एंजेलो मैथ्यूज (88 रन) और कप्तान धनंजय डि सिल्वा (44 रन) के विकेट गंवा दिये।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article