क्रिकेट

ZIM vs SL 1st ODI Highlights: दिलशान मधुशंका ने हैट्रिक की बदौलत श्रीलंका ने आखिरी ओवर में छीनी जिंबाब्वे के जबड़े से जीत

श्रीलंका ने जिंब्बावे को पहले वनडे में 7 रन के करीबी अंतर से मात देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। दिलशान मधुशंका ने आखिरी ओवर में 9 रन का बचाव करते हुए हैट्रिक अपने नाम की और पूरी बाजी पलट दी।

Image

दिलशान मधुशंका(फोटो क्रेडिट ICC)

हरारे: श्रीलंका ने जिंबाब्वे के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज की शुरुआत रोमांचक जीत के साथ की है। मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेहमान श्रीलंकाई टीम ने 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 298 रन का स्कोर खड़ा किया। श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा 76 रन की पारी पथुम निशंका ने खेली। उनके अलावा जनिथ लियानागे ने 47 गेंद में 70 और कमिंदु मेंडिस ने 36 गेंद पर 57 रन की पारी खेलकर टीम को 298 रन तक पहुंचाया। इसके बाद जीत के लिए मिले 299 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिंबाब्वे ने 49 ओवर में 5 विकेट पर 289 रन बना लिए थे। अंतिम ओवर में जीत के लिए 9 रन उसे बनाने थे लेकिन तेज गेंदबाज दिलशान मधुशंका ने ओवर की पहली तीन गेंद पर हैट्रिक लेकर जिंबाब्वे के जबड़े से जीत छीन ली। सिकंदर रजा 92 रन की पारी खेलकर टीम की जीत के मुहाने तक ले गए लेकिन उनकी मेहनत पर अंत में पानी फिर गया और श्रीलंका ने 7 रन से जीत दर्ज करके सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। दिलशान मधुशंका को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 62 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए।

आखिरी ओवर की हैट्रिक ने पलटी बाजी

जीत के लिए 299 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिंबाब्वे ने 49 ओवर में 5 विकेट पर 289 रन बना लिए थे। सिकंदर रहा 86 गेंद पर 92 रन बनाकर पिच पर थे और स्ट्राइक उनके हाथ में थी। दूसरे छोर पर टोनी मुनयोंगा 43(52) रन बनाकर नाबाद थे। ऐसे निर्णायक मौके पर गेंदबाजी की जिम्मेदारी तेज गेंदबाज दिलशान मधुशंका को दी गई। ओवर की पहली ही गेंद पर उन्होंने खतरनाक बल्लेबाज सिकंदर रजा (92) को बोल्ड करके पूरा माहौल बदल दिया। अगली दो गेंदों पर उन्होंने ब्रैड इवांस और रिचर्ड नगारवा को लगातार विकेट दो विकेट चटकाकर हैट्रिक पूरी कर ली। तीन गेंद पर तीन विकेट गिरते ही खेले की गति ही पलट गई और जिम्बाब्वे के ड्रेसिंग रूम में सन्नाटा छा गया। मधुशंका ने आखिरी ओवर में सिर्फ 2 रन देकर 3 विकेट चटकाकर जीत श्रीलंका की झोली में डाल दी।

मेंडिस और लियानागे ने श्रीलंका को पहुंचाया 300 के करीब

श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शुरुआती झटकों के बावजूद पथुम निसांका (76), कामिंदु मेंडिस (57) और जनिथ लियानगे (नाबाद 70) की उम्दा पारियों की बदौलत 50 ओवर में 6 विकेट पर 298 रन बनाए। बीच के ओवरों में श्रीलंकाई बल्लेबाज दबाव में नजर आए। कुसल मेंडिस 38, सदीरा समरविक्रमा 35 और कप्तान चरिथ असलंका 6 रन बनाकर आउट हुए। 36.1 ओवर में श्रीलंका ने 5 विकेट पर 161 रन बना लिए थे। इसके बाद अंतिम ओवरों में कमिंदु मेंडिस और जनिथ लियानागे ने आतिशी बल्लेबाजी की और अपनी टीम को 298 रन तक पहुंचा दिया। मेंडिस पारी की आखिरी गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने 57(36) रन बनाए। लियानागे 70(47) रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 137 (83) रन की साझेदारी हुई। जिंबाब्वे के लिए रिचर्ड नागरवा ने सबसे ज्यादा 2 विकेट चटकाए। एक-एक सफलता ब्लेसिंग मुजरबानी, ट्रेवर ग्वांडू, सिकंदर रजा और सीन विलियमसन के खाते में गया।

पहले ओवर में ही जिंबाब्वे ने गंवाए दो विकेट

जीत के लिए 299 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिंबाब्वे की शुरुआत खराब रही। पहले ही ओवर में दो खिलाड़ी बगैर खाता खोले पवेलियन लौट गए थे। असिता फर्नांडो ने ब्रायन बेनेट और ब्रेंडन टेलर को पहली और चौथी गेंद पर चलता कर दिया। इसके बाद बेन कुरेन और कप्तान सीन विलियम्स ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों स्कोर को 118 रन तक ले गए। 23वें ओवर में सीन विलियम्स 57 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कुरेन को सिकंदर रजा का साथ मिला। दोनों ने पारी को आगे बढ़ाया। 140 के स्कोर पर बेन कुरेन 70 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद जल्दी ही मधेवेरा भी 8 रन बनाकर आउट हो गए। 161 रन पर जिंबाब्वे ने 5 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में सिकंदर रजा और टोनी मुनयोंगा टीम की जीत की दहलीज तक ले गए। अंत में दिलशान मधुशंका ने मैच का पास अकेले दम पर पलट दिया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article