SRH vs RR Pitch Report In Hindi Today Match IPL 2025: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2025) के 18वें संस्करण में आज डबल हेडर का दिन है, यानी दो मुकाबले खेले जाएंगे। आज का पहला मैच सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स (Sunrisers Hyderabad vs Rajasthan Royals) के बीच खेला जाना है। दोनों टीमों के बीच ये मैच हैदराबाद (Hyderabad) में खेला जाएगा। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम पिछली बार की रनर अप टीम है जिसे पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन के बाद फाइनल में केकेआर के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि इस बार भी उनकी टीम बेहद मजबूत है और आज राजस्थान रॉयल्स को हैदराबाद के होम ग्राउंड की चुनौती का सामना करना पड़ेगा। ये मुकाबला दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा और टॉस 3:00 बजे होगा। सनराइजर्स हैदराबाद की कमान पैट कमिंस (Pat Cummins) के हाथों में होगी। जबकि राजस्थान रॉयल्स के नियमित कप्तान संजू सैमसन शुरुआती कुछ मैचों में कप्तानी नहीं करेंगे और उनकी जगह रियान पराग (Riyan Parag) टीम की अगुवाई करते नजर आएंगे।
आज आईपीएल 2025 के हैदराबाद बनाम राजस्थान मुकाबले से पहले आपको बताते हैं कि इस टूर्नामेंट के इतिहास में इन दोनों टीमों की टक्कर के पुराने आंकड़े कैसे रहे हैं। इन दोनों टीमों के बीच आज तक आईपीएल में 20 टी20 मैच खेले जा चुके हैं। इनमें 11 मुकाबलों में सनराइजर्स हैदराबाद को जीत मिली है जबकि 9 मैचों में राजस्थान रॉयल्स विजयी रही है। आज इनके बीच होने वाला मैच हैदराबाद में होगा इसलिए यहां पर खेले गए मैचों के आंकड़े भी देख लेते हैं। हैदराबाद के ग्राउंड पर दोनों टीमों के बीच अब तक 5 मैच हुए हैं जिसमें मेजबान सनराइजर्स हैदराबाद को 4 मैचों में जीत मिली है। वहीं राजस्थान रॉयल्स इस मैदान पर आज तक सिर्फ एक मैच में ही जीत दर्ज करने में सफल रही है।
हैदराबाद और राजस्थान के बीच आज के आईपीएल 2025 मैच की पिच रिपोर्ट (SRH vs RR Pitch Report)
सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच आज होने वाला आईपीएल के 18वें सीजन का दूसरा मैच हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (Rajiv Gandhi International Stadium) पर खेला जाएगा। इस मैदान का इतिहास बल्लेबाजों के नाम रहा है। यहां पर हमेशा से बल्लेबाज ही हावी रहे हैं और आईपीएल से लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक, यहां की पिच पर रनों की बारिश हमेशा से होती रही है। आज भी ऐसा ही होने की उम्मीद है। पिछले सीजन में हैदराबाद की टीम ने इस मैदान पर कई रिकॉर्ड स्कोर खड़े किए थे, ऐसे में राजस्थान रॉयल्स की टीम के लिए आज बहुत बड़ा चैलेंज होगा कि वे हैदराबाद के बल्लेबाजों पर कैसे लगाम लगाएं। आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर इसी मैदान पर पिछले सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ बनाया था जब मेजबान टीम ने 3 विकेट के नुकसान पर 277 रन बना डाले थे। इस मैदान पर लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़ी जीत मुंबई इंडियंस ने 2014 में दर्ज की थी जब उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ 160 रनों का लक्ष्य हासिल किया था। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 160 रन है। गेंदबाजों में इस पिच पर ज्यादातर तेज गेंदबाजों को ही हावी होते देखा गया है। हैदराबाद में अब तक हुए 77 आईपीएल मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को 34 मैचों में जीत मिली है, जबकि बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को 43 मैचों में जीत हासिल हुई है।
कैसा रहेगा आज हैदराबाद का मौसम (Hyderabad Weather Today)
आईपीएल 2025 में आज का हैदराबाद बनाम राजस्थान मुकाबला हैदराबाद में होने जा रहा है, आइए यहां के मौसम के बारे में भी जान लेते हैं। आज हैदराबाद में दिन में ज्यादातर धूप खिली रहेगी। हालांकि 25 फीसदी अनुमान बारिश का भी है लेकिन उम्मीद है कि मैदान के क्षेत्र में इस बारिश से ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ेगा। हवा की रफ्तार धीमी रहेगी और उमस यहां हमेशा की तरह काफी ज्यादा रहने वाली है। हैदराबाद में आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने का अनुमान है।
सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की आईपीएल 2025 टीमें (Hyderabad and Rajasthan IPL 2025 Squads)
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम: पैट कमिंस (कप्तान), ट्रेविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, अभिषेक शर्मा, सचिन बेबी, मोहम्मद शमी, एडम जाम्पा, अनिकेत वर्मा, अभिनव मनोहर, राहुल चाहर, वियान मुल्डर, नितीश कुमार रेड्डी, अथर्व तायडे, ब्रायडन कार्से, सिमरजीत सिंह, जयदेव उनादकट, जीशान अंसारी, ईशान मलिंगा, हर्षल पटेल और कामिंडु मेंडिस।
राजस्थान रॉयल्स की टीम: रियान पराग (कप्तान), संजू सैमसन, शुभम दुबे, शिम्रोन हेटमायर, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल, नितीश राणा, कुणाल सिंह राठौड़, वैभव सूर्यवंशी, वानिंदु हसरंगा, जोफ्रा आर्चर, आकाश मधवाल, क्वेना मफाका, संदीप शर्मा, महेश थीक्षाना, युद्धवीर सिंह, अशोक शर्मा, तुषार देशपांडे, फजलहक फारूकी और कुमार कार्तिकेय।
