क्रिकेट

SRH vs LSG, IPL 2023: दर्शक ने डाली हैदराबाद-लखनऊ मैच में बाधा, 5 मिनट रुका रहा खेल

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated May 13, 2023, 06:27 PM IST

सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स के हैदराबाद में खेले जा रहे मुकाबले के दौरान दर्शक ने लखनऊ के डगआउट में कुछ चीज फेंककर अपना गुस्सा जाहिर किया। इसके बाद पांच मिनट से ज्यादा वक्त के लिए खेल रुका रहा। जानिए क्या है पूरा मामला?

Image

लखनऊ सुपर जायंट्स डगआउट (साभार Jio Cinema)

हैदराबाद: इंडियन प्रीमियर लीग के सोलहवें सीजन के सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेले गए 58वें मुकाबले में वो वाकया हुआ जो अमूमन देखने को नहीं मिलता है। मैच के दौरान मेजबान सनराइजर्स हैदराबाद की टीम बल्लेबाजी कर रही थी ऐसे में स्टेडियम में मौजूद एक दर्शक के गुस्से का शिकार लखनऊ के डग-आउट को होना पड़ा। दर्शक ने मैच के दौरान कोई चीज लखनई के डगआउट में फेंककर मारी। जिसकी शिकायत टीम ने की और इसकी वजह से कुछ देर तक खेल रोकना पड़ा।

नो-बॉल पर गलत निर्णय से भड़का दर्शक?

दर्शक ने ऐसा क्यों किया इसकी कोई साफ वजह सामने नहीं आई लेकिन ये वाकया पारी के 19वें ओवर में तीसरे अंपायर के एक गेंद को नोबॉल करार नहीं देने के बाद हुआ। आवेश खान की गेंद का जब हैदराबाद के बल्लेबाज अब्दुल समद ने सामना किया तब वो कमर से ऊंची थी। लेकिन तीसरे अंपायर ने विवादास्पद रूप से उस गेंद को फेयर डिलीवरी करार दिया। माना जा रहा है कि दर्शक होम टीम के साथ नाइंसाफी होने पर भड़क गया और कोई चीज सामने दिख रहे लखनऊ के टीम डगआउट में फेंककर अपना गुस्सा जाहिर किया। स्टार स्पोर्ट्स पर कमेंट्री कर रहे यूसुफ पठान ने भी थर्ड अंपायर के इस फैसले को गलत करार दिया।

पांच मिनट से ज्यादा समय तक रुका रहा खेल

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक दर्शक ने लखनऊ के डगआउट में नट बोल्ट फेंके थे। आधिकारिक तौर पर इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि क्या फेंका गया था। हालांकि लखनऊ की शिकायत के बाद फील्ड अंपायर और सुरक्षा कर्मी लखनऊ के डगआउट में पहुंचे। इसके बाद जहां से डगआउट में चीज फेंक गई वहां पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई। पांच मिनट से ज्यादा वक्त तक खेल रुका रहा। डगआउट के पीछे के हिस्से में कई पुलिसकर्मी पहुंच हए और प्रशंसकों की कड़ी निगरानी करने लगे। इसके बाद दोबारा खेल शुरू हुआ।

लखनऊ और विवाद का सीजन में रहा है साथ

लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम मौजूदा आईपीएल सीजन में लगातार विवादों में घिरी नजर आ रही है। लखनऊ में लो स्कोरिंग मैच मे मेजबान टीम की हार के बाद आरसीबी के विराट कोहली और लखनऊ के गौतम आपस में गंभीर भिड़ गए थे। मैच के दौरान और बाद में तेज गेंदबाज नवीन उल हक और विराट के बीच भिड़ंत हुई थी इससे बाद मामला बहुत बढ़ गया। विराट कोहली और गौतम गंभीर पर मैच फीस का 100 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article